व्‍यापारियों ने सीएम को लिखा पत्र, जानें-क्‍या है परेशानी Gorakhpur News

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है कि पिछले चार हफ्ते से शहर के कुछ थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाया जा रहा है लेकिन इसके सार्थक परिणाम नहीं मिल रहे हैं।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 09:52 AM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 06:16 PM (IST)
व्‍यापारियों ने सीएम को लिखा पत्र, जानें-क्‍या है परेशानी Gorakhpur News
व्‍यापारियों ने सीएम को लिखा पत्र, जानें-क्‍या है परेशानी Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बंदी के खिलाफ उद्यमी और व्यापारी मुखर होने लगे हैं। उद्यमियों और व्यापारियों ने या तो 14 दिन पूरी तरह जिले में बंदी करने या दिन में दुकानें खोलने का निर्देश देने की मांग की है। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 14 दिन पूरी तरह लॉकडाउन करने या सभी बाजार खोलने की मांग की है। उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन के साथ हुई वर्चुअल बैठक में भी व्यापारियों ने विरोध के स्वर मुखर किए। यह पहली बार है जब उद्यमी और व्यापारी प्रशासन के निर्णय के खिलाफ सड़क पर आने की तैयारी कर रहे हैं।

उत्पादन तो हो रहा है लेकिन माल की बिक्री नहीं

चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विष्णु अजीत सरिया ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि कोरोना से बचाव के लिए पिछले चार हफ्ते से शहर के कुछ थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाया जा रहा है लेकिन इसके सार्थक परिणाम नहीं मिल रहे हैं। इस व्यवस्था से उद्यमी व व्यापारी परेशान हैं। उत्पादन तो हो रहा है लेकिन माल की बिक्री नहीं हो पा रही है। इस कारण बिजली का बिल, बैंक का ब्याज, कर्मचारियों की तनख्वाह देना भारी पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में या तो 14 दिनों की पूर्ण बंदी हो या सभी बाजारों को खोल दिया जाए। कहा कि स्वास्थ्य सेवा और एंबुलेंस सेवा की स्थिति में भी सुधार जरूरी है।

सड़क पर जाम तो कैसा लॉकडाउन

व्यापारियों की नाराजगी को देखते हुए उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने मंगलवार को शहर के प्रमुख व्यापारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में व्यापारियों ने प्रशासन के निर्णय का विरोध किया। कहा कि बीएड परीक्षा के नाम पर शारीरिक दूरी के नियम की धज्जियां उड़ाई गईं, लॉकडाउन के बाद भी सड़क पर रोजाना जाम लग रहा है। सभी सरकारी कार्यालय, बैंक, शराब की दुकानें खुल रही हैं। लॉकडाउन सिर्फ व्यापारियों के लिए है। प्रशासन पूरी तरह बंदी करे या दुकानें खोलने की अनुमति दे। बैठक में उमेश मद्देशिया, अनूप  किशोर अग्रवाल, राजेश नेभानी, रीतेश जायसवाल, नितिन कुमार जायसवाल, राम मोहन अग्रवाल, नरेश बजाज, पंकज गोयल, अतुल सराफ, महेश वर्मा, गौरी शंकर सरावगी,अनुराग गुप्ता आदि मौजूद रहे।

एक महीने से बंद है गोरखनाथ क्षेत्र

गोरखपुर उद्योग व्यापार मंडल धर्मशाला बाजार के अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल और महामंत्री शमीम अहमद वारसी ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता कर पूरी तरह बंदी या दुकानें खोलने की मांग की। शास्त्री चौक पर हुई पत्रकारवार्ता में अशोक कुमार जायसवाल ने कहा कि गोरखनाथ क्षेत्र में तकरीबन एक महीने से लॉकडाउन है। इससे व्यापारी तबाह हो गए हैं, दिहाड़ी मजदूरों के सामने रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस दौरान ज्ञानप्रकाश जायसवाल, शशि प्रकाश जायसवाल, आशीष गुप्ता, सरदार परमजीत ङ्क्षसह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी