गोरखपुर में घर में घुसकर व्यापारी को गोलियों से भूना, पैदल ही भाग गए हत्‍यारे Gorakhpur News

रात में भोजन करने के बाद वेद प्रकाश और उनकी पत्नी रेखा सोने चले गए। आधे घंटे बाद उनके गेट पर किसी ने पथराव शुरू कर दिया। इससे वेद प्रकाश कमरे से बाहर निकले तभी गेट के पास घात लगाकर खड़े तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 10:28 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 05:42 PM (IST)
गोरखपुर में घर में घुसकर व्यापारी को गोलियों से भूना, पैदल ही भाग गए हत्‍यारे Gorakhpur News
वेद प्रकाश की फाइल फोटो, सौ, स्‍वजन।

गोरखपुर, जेएनएन। शाहपुर के खरैया पोखरा में शुक्रवार की रात बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर व्यापारी को गोलियों से भून डाला। परिवार के लोग घायल हालत में उन्हें मेडिकल कालेज ले गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घर वालों ने किसी के साथ रंजिश से इन्कार किया है। व्यापारी की हत्या किसने और क्यों की यह जानने के लिए पुलिस सर्विलांस व सीसी कैमरे की मदद से जांच कर रही है।

मूल रूप से बस्ती जिले के पैकवलिया, पिपरासाजी निवासी कृष्ण स्वरूप पूर्वोत्तर रेलवे में तृतीय श्रेणी कर्मचारी हैं। वह खरैया पोखरा में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। उनकी तीन संतानों में सबसे छोटे 30 वर्षीय वेद प्रकाश मोबाइल पार्टस के थोक व्यापारी थे। स्वजन के मुताबिक शुक्रवार की रात में 10 बजे भोजन करने के बाद वेद प्रकाश और उनकी पत्नी रेखा दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में सोने चले गए। आधे घंटे बाद उनके गेट पर किसी ने पथराव शुरू कर दिया। आवाज सुनकर वेद प्रकाश कमरे से बाहर निकले तभी गेट के पास घात लगाकर खड़े तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सिर, आंख व कान के पास गोली लगने से वेद प्रकाश जमीन पर गिर गए। वारदात के बाद बदमाश पैदल ही फरार हो गए।

घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कृष्ण स्वरूप बेटे को मेडिकल कालेज ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही एसएसपी दिनेश कुमार पी, एसपी सिटी सोनम कुमार स्थानीय पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घरवालों से घटना की जानकारी ली।

चार माह पहले हुई थी शादी

स्वजन ने बताया कि दिसंबर 2020 में रेखा से वेद प्रकाश की शादी हुई थी। पहले वह दवा का व्यापार करते थे, लेकिन घाटा होने पर मोबाइल पार्टस का कारोबार शुरू कर दिया था। दुकानदारों से आर्डर मिलने पर वेद प्रकाश घर से ही सामान की आपूर्ति करते थे। उनके बड़े भाई मनोज कुमार बस्ती के हरैया में कोचिंग चलाते हैं। दूसरे नंबर की बहन की शादी कूड़ाघाट में हुई है।

देर रात तक चली हत्यारों की तलाश

व्यापारी की हत्या की खबर से खरैया पोखरा मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो उठे। ऐहतियात के तौर पर फोर्स तैनात कर दी गई। मेडिकल कालेज में वेद प्रकाश की मौत होने खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। देर रात तक पुलिस के अधिकार मौके पर मौजूद जमे रहे। एसएसपी के आदेश पर शहर की नाकेबंदी कर देर रात तक हत्यारों की तलाश चली लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। शुक्रवार रात में शाहपुर क्षेत्र में हुई वारदात ने चौकसी की पोल खोल दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वेद प्रकाश की हत्या किसने और क्यों की, यह जानने के लिए देर रात तक पुलिस ने छानबीन की। कृष्ण स्वरूप ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी। पड़ोसियों से भी कोई मनमुटाव नहीं था। हत्यारों की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच की टीम वेद प्रकाश के घर की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर लगे सीसी कैमरे की छानबीन कर रही है। पिछले शुक्रवार को बदमाशों ने गुलरिहा में नरायनपुर गांव के पूर्व प्रधान व भाजपा नेता बृजेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

सन्नी व युवराज भी पकड़ से दूर

गगहा क्षेत्र में 10 मार्च को जिला पंचायत सदस्य के दावेदार रितेश मौर्या की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। 30 मार्च को गगहा क्षेत्र में ही व्यापारी शंभू मौर्या और उनके कर्मचारी संजय पांडेय की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले एक लाख के इनामी सन्नी सिंह और उसका साथी युवराज पुलिस की पकड़ से दूर है।छह सहयोगी व शरणदाता को गिरफ्तार कर पुलिस ने घटना का पर्दाफाश किया था। मुख्य आरोपितों के न पकड़े जाने से पीडि़त परिवार के लोग अभी भी दहशतजदा हैं।

chat bot
आपका साथी