गोरखपुर नगर निगम की कार्यकारिणी में ऋषिमोहन को दोबारा भेजेगी भाजपा

यदि सपा ने अपने एक प्रत्याशी का नाम वापस ले लिया तो भाजपा के तीन सपा के दो और एक निर्दल पार्षद कार्यकारिणी में बिना चुनाव शामिल हो जाएंगे। महापौर ने बताया कि भाजपा के तीन नाम तय हो गए हैं लेकिन हम चौथी सीट के लिए भी प्रयासरत हैं।

By Satish chand shuklaEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 03:07 PM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 03:07 PM (IST)
गोरखपुर नगर निगम की कार्यकारिणी में ऋषिमोहन को दोबारा भेजेगी भाजपा
गोरखपुर के नगर निगम का फाइल फोटो।

गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव के एक दिन पहले भाजपा ने अपने पार्षदों के नाम तय कर दिए। महापौर सीताराम जायसवाल ने बताया कि वार्ड नंबर 12 जनप्रिय विहार के पार्षद ऋषिमोहन वर्मा, वार्ड नंबर 65 महुई सुघरपुर के पार्षद चंद्रप्रकाश सिंह उर्फ गोली सिंह और वार्ड नंबर 29 लोहिया नगर के पार्षद राजेंद्र तिवारी को कार्यकारिणी में शामिल किया जाएगा।

भाजपा चौथी सीट के लिए भी प्रयासरत

मंगलवार को कार्यकारिणी के छह सदस्यों के चुनाव के लिए नगर निगम बोर्ड की बैठक बुलाई गई है। नगर निगम के सदन हाल में होने वाले चुनाव में सपा ने अपने तीन पार्षदों के नाम पहले ही तय कर दिए हैं। इनमें पूर्व उपसभापति जियाउल इस्लाम, मतीनउद्दीन और अभिषेक मौर्य शामिल हैं। हालांकि सपा के पार्षदों की संख्या 22 है। इस हिसाब से सपा सिर्फ दो पार्षदों को कार्यकारिणी में शामिल कराने में सक्षम है।

इधर, निर्दल पार्षदों ने वार्ड नंबर शिवपुर सहबाजगंज के पार्षद मो. अफरोज उर्फ गब्बर को अपना प्रत्याशी चुना है। यदि सपा ने अपने एक प्रत्याशी का नाम वापस ले लिया तो भाजपा के तीन, सपा के दो और एक निर्दल पार्षद कार्यकारिणी में बिना चुनाव शामिल हो जाएंगे। महापौर ने बताया कि भाजपा के तीन नाम तय हो गए हैं लेकिन हम चौथी सीट के लिए भी प्रयासरत हैं।

यह है स्थिति

नगर निगम की कार्यकारिणी में भाजपा के छह, सपा के चार, एक कांग्रेस और एक निर्दल पार्षद हैं। भाजपा के उपसभापति अजय राय, रामभुआल कुशवाहा, राजेश तिवारी, सपा के उजैर अहमद, आकाश चौहान और कांग्रेस के संजीव सिंह सोनू का कार्यकाल पूरा हो गया है।

यह है कार्यकारिणी

नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा के मनु जायसवाल, अजय राय, राम भुआल कुशवाहा, आलोक सिंह विशेन, राजेश तिवारी, अभिषेक निषाद है। वहीं सपा के आकाश चौहान, उजैर अहमद, शकुन मिश्रा और रमेश यादव हैं। इसके अलावा कांग्रेस संजीव सिंह सोनू हैं। निर्दल में आनंद वर्धन सिंह भी हैं।

chat bot
आपका साथी