BJP Gorakhpur: हर ब्लाक में गरीब कल्याण मेला का आयोजन करेगी भाजपा

BJP Gorakhpur सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के ल‍िए भाजपा हर ब्लाक में गरीब कल्याण मेला लगाने की तैयारी कर रही है। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के 12 जिलों के 147 ब्लाकों के मुख्यालयों पर यह मेला लगेगा।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 06:45 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 06:45 AM (IST)
BJP Gorakhpur: हर ब्लाक में गरीब कल्याण मेला का आयोजन करेगी भाजपा
गोरखपुर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डाक्‍टर धर्मेंद्र सिंह। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। मिशन 2022 को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदो तक पहुंचे, इस हेतु हर कोशिश की जा रही है। इसके लिए हर ब्लाक में गरीब कल्याण मेला लगाने की भाजपा की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है।

ऐसे चलेगा अभियान

क्षेत्रीय अध्यक्ष डाक्‍टर धर्मेंद्र सिंह के अनुसार भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से लेकर 7 अक्टूबर यानी मुख्यमंत्री बनने से लेकर प्रधानमंत्री के पद पर कार्य करते हुए ऐतिहासिक बीस साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा समर्पण का विशेष अभियान लिया है। 17 सितम्बर को स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान समेत कई कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसी तरह 19 सितम्बर को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य और जिले स्तर पर रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर कराए गए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड 20 सितम्बर को जारी किया जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष के अनुसार 11 सितम्बर से बूथ स्तर पन्ना प्रमुख बनाने का कार्य किया जा रहा है। 24 सितम्बर को बूथ समितियों के साथ पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन प्रस्तावित है।

12 जिलों के 147 ब्लाकों के मुख्यालय पर लगेगा मेला

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितम्बर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के 12 जिलों के कुल 147 ब्लाकों के मुख्यालय पर गरीब कल्याण मेला लगेगा। इसमें जहां जन शिकायतें सुनीं जाएंगी, वहीं अगर कोई पात्र किसी जन कल्याणकारी योजना से वंचित है, उसे इसका लाभ दिलाया जायेगा। इसी तरह 7 अक्टूबर तक बूथ विजय अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियो को लेकर जनता के बीच जायेंगे।

जिलों में प्रवास करेंगे भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश प्रवक्ता

लखनऊ में प्रदेश पार्टी कार्यालय पर आयोजित मीडिया कार्यशाला में शामिल होकर लौटे क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डा बच्चा पांडेय नवीन ने बताया कि केंद्र और राज्य की जन कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को बताने हेतु भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश प्रवक्ता एक जिले में दो दिन प्रवास करेंगे। इस बाबत निर्देश प्रदेश के महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने दिए हैं। इसके तहत भाजपा के प्रवक्ता जिलों में मीडिया से समन्वय स्थापित करेंगे और केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर पत्रकारों से मुखातिब होंगे।

गोरखपुर के क्षेत्रीय मीड‍िया प्रभारी बच्‍चा पांडेय को सीएम ने क‍िया सम्‍मान‍ित

भाजपा की प्रदेश स्तरीय मीडिया कार्यशाला लखनऊ में पार्टी कार्यालय आयोजित कार्यशाला में भाजपा गोरखपुर के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी के रूप में उत्कृष्ठ कार्य के लिए बच्‍चा पांडेय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सम्‍मान‍ित क‍िया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता समित पात्रा, डाक्‍टर जफर इस्लाम, केके शर्मा, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ ने कहा क‍ि भाजपा कार्यकर्ताओं पर पार्टी की नीत‍ियों को जन-जन तक ले जाने की महती ज‍िम्‍मेदारी है।

chat bot
आपका साथी