UP Assembly Elections 2022: गोरखपुर में कार्यकर्ताओं से बोले भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष, घर चिन्हित कीजिए, हर रोज खटखटाइए कुंडी

UP Assembly Elections 2022 भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने गोरखपुुर आयोज‍ित बूथ सम्‍मेलन में कहा कि सभी बूथ अध्यक्ष घरों को चिन्हित करें और हर रोज कुंडी खटखटाएं। बूथ अध्यक्षों की प्रशंसा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी चुनावी दृष्टि से हौसलाफजाई की।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 23 Nov 2021 09:07 AM (IST) Updated:Tue, 23 Nov 2021 02:53 PM (IST)
UP Assembly Elections 2022: गोरखपुर में कार्यकर्ताओं से बोले भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष, घर चिन्हित कीजिए, हर रोज खटखटाइए कुंडी
UP Assembly Elections 2022: यूपी भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव स‍िंह। - सौजन्‍य इंटरनेट मीडिया

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। UP Assembly Elections 2022: बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत एक प्रसंग से की। उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में 14 वोट से हारने वाले एक बूथ अध्यक्ष से जब यह सवाल किया गया कि इस बार वह कैसे जीतेंगे तो उसने बताया कि कुछ घर चिन्हित किया है, जहां हर रोज कुंडी खटखटा रहे हैं। इससे वह वोट भी पक्के हो रहे हैं, जो पहले नहीं थे।

प्रसंग सुनाकर प्रदेश अध्यक्ष ने सभी बूथ अध्यक्षों से ऐसा करने की अपील की। कहा कि सभी बूथ अध्यक्ष घरों को चिन्हित करें और हर रोज कुंडी खटखटाएं। बूथ अध्यक्षों की प्रशंसा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी चुनावी दृष्टि से हौसलाफजाई की। कहा कि कोरोना काल में उन्होंने घर-घर दवा पहुंचाई, लंच पैकेट पहुंचाया। सरकार की योजनाओं को भी घर-घर पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए लोगों की सेवा की। कोरोना का टीका लगवाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया। ऐसे देवतुल्य कार्यकर्ता जिस पार्टी के पास होंगे, 2022 में उसकी जीत कोई नहीं रोक सकता।

नड्डा ने किया गीता प्रेस का भ्रमण

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को अपने गोरखपुर दौरे के दौरान गीता प्रेस का भ्रमण भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखनाथ मंदिर से गीता प्रेस पहुंचे नड्डा का ट्रस्टी वैद्यनाथ अग्रवाल और देवी दयाल अग्रवाल ने अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उत्पाद प्रबंधक डा. लालमणि तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को गीता प्रेस में लगी छपाई की आधुनिकतम मशीनें दिखाई और उनसे जुड़ी जानकारी दी। डा. तिवारी ने उन्हें हाल ही में जापान से आई कोमोरी और कुलेबरी मशीन के साथ इटली की सिलाई मशीन भी दिखाई, जिसे देख वह रोमांचित नजर आए। इस अवसर पर नड्डा ने कहा कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए गीता प्रेस जो कार्य कर रहा है, वह सराहनीय है।

इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, कम है। उन्होंने निरंतर बेहतर कार्य करते रहने की शुभकामना भी दी। प्रेस परिसर के भ्रमण के बाद नड्डा ने गीता प्रेस की विजिटर बुक में लिखा- ‘मुझे इस पवित्र स्थान पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, यहां आकर अत्यंत प्रसन्नता हुई, मेरी बहुत शुभकामनाएं’। स्वागत करने वालों में माधव प्रसाद अग्रवाल, अशोक केडिया, नरेंद्र लड़िया, आशुतोष उपाध्याय, राजेश शर्मा, संतोष कुमार पारिख, रुपेश चौबे, बीबी त्रिपाठी, नवीन अग्रवाल आदि भी शामिल रहे।

अपनी दुकान चला रहे हैं ओमप्रकाश राजभर

बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में आए बूथ अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य सकलदीप राजभर ने भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर समाज के नाम पर अपनी दुकान चला रहे हैं जबकि समाज के लोग उनके साथ नहीं है। उन्होंने सम्मेलन के माध्यम से राजभर समाज से अपील की कि वह ओमप्रकाश के बहकावे में हरगिज न आएं। भाजपा से अलग होने के बाद उनकी स्थित बद से बद्तर हो गई है।

मुख्यमंत्री के साथ गोरखनाथ मंदिर पहुंचे नड्डा, किया दर्शन-पूजन

भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सोमवार की दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे जेपी नड्डा का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने स्वागत किया। वहां से वह लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन-पूजन किया और नाथ दरबार मे मौजूद अखंड ज्योति के आगे शीश नवाया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह, राष्ट्रीय मंत्री अरविंद मेनन, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद नड्डा ने गोरक्षपीठाधीश्वर कक्ष में जलपान किया और फिर मंदिर के भंडारे में जाकर भोजन ग्रहण किया।

मंदिर से गीता प्रेस के लिए निकलने से पहले मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को मंदिर का प्रसाद और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। एयरपोर्ट पर नड्डा का स्वागत करने वालों में महापौर सीताराम जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य सभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला, सांसद रवि किशन, कमलेश पासवान, हरीश द्विवेदी, क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन एवं क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला भी शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी