पीएम मोदी के कार्यक्रम को रैली बनाने की तैयारी में जुटी भाजपा, चार लाख लोगों को कार्यक्रम स्थल पर लाने तैयारी

गोरखपुर खाद कारखाना की उद्घाटन समारोह को भाजपा चुनावी नजरिए से भुनाने में जुट गई है। पार्टी की तैयारी से साफ लग रहा है कि वह इसे रैली का स्वरूप देना चाहती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उद्घाटन कार्यक्रम में चार लाख लोगों को लाने की योजना बनाई गई है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 08:05 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 08:05 AM (IST)
पीएम मोदी के कार्यक्रम को रैली बनाने की तैयारी में जुटी भाजपा, चार लाख लोगों को कार्यक्रम स्थल पर लाने तैयारी
उद्घाटन के ल‍िए तेयार गोरखपुर खाद कारखाना। - जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। फर्टिलाइजर और एम्स का उद्घाटन भले ही सरकारी कार्यक्रम है लेकिन भाजपा इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को चुनावी नजरिए से भुनाने में जुट गई है। पार्टी की तैयारी से साफ लग रहा है कि वह इसे रैली का स्वरूप देना चाहती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उद्घाटन कार्यक्रम में गोरखपुर-बस्ती मंडल के चार लाख लोगों को लाने की योजना न केवल बनाई गई है बल्कि इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है।

लगातार हो रही है पदाध‍िकार‍ियों की बैठक

इसे लेकर बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की थी, जिसमें गांव-गांव से लोगों को कार्यक्रम में लाने के लिए प्रेरित किया था। मुख्यमंत्री के आह्वान के बाद संगठन के पदाधिकारियों की जिलावार बैठक हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। बैठक में तय हुआ कि कार्यक्रम में हर बूथ का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना होगा। इसमें जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से मदद करनी होगी। खासकर जिला पंचायत अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य की विशेष भूमिका होगी। उन्हें न केवल लोगों के कार्यक्रम में जाने की व्यवस्था करनी होगी बल्कि उन्हें घर वापस लौटने का इंतजाम भी करना होगा। इसके लिए बाकायदा अलग-अलग कार्यों के लिए एक दर्जन विभाग बनाए गए।

व‍िभागवार दी गई ज‍िम्‍मेदारी

हर विभाग की जिम्मेदारी तय की गई। मसलन, यातायात विभाग, पार्किंग विभाग, जल विभाग, सुरक्षा विभाग आदि। जिला स्तरीय बैठक मेंं लिए गए निर्णय को धरातल पर उतारने के लिए मंडलवार बैठकों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सभी मंडल अध्यक्षों को टारगेट दिया जा रहा है। योजना को विधानसभावार सहेजने के लिए तीन और पांच दिसंबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में बैठक आयोजित की गई है। इसमें जनप्रतिधियों की नामवार जिम्मेदारी तय होगी। उन्हें वाहनों से लोगों का आयोजन स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करना होगा।

पोस्टर-बैनर से सजाया जाएगा शहर

चूंकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पार्टी का आयोजन न होकर सरकारी है, इसलिए पार्टी नेतृत्व ने आयोजन स्थल की जगह पार्टी का झंडा-बैनर-पोस्टर शहर में लगाने का निर्णय लिया है। छह दिसंबर की रात तक पूरे शहर को पोस्टर-बैनर और झंडे से सजाने की योजना बनाई गई है। इसे लेकर पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओंं तक की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

आयोजन में शामिल होंगे 50 हजार किसान

कार्यक्रम में किसानों को शामिल करने के लिए भाजपा के किसान मोर्चा ने अपनी अलग योजना बनाई है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने तय किया है कि गोरखपुर जिले के प्रत्येक मंडल से 5000 किसानों को आयोजन स्थल तक ले जाया जाएगा। इस तरह जिले के सभी 10 मंडलों के 50 हजार किसान आयोजन का हिस्सा बन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सुनेंगे।

रैली में लगेंगी गोरखपुर परिक्षेत्र से रोडवेज की 1750 बसें

प्रधानमंत्री की रैली के लिए परिवहन निगम ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी है। गोरखपुर परिक्षेत्र से रैली में कुल 1750 बसें लगाई जाएंगी। जिसमें गोरखपुर और राप्तीनगर डिपो से 360 बसें लगनी हैं। निगम प्रशासन बसों की व्यवस्था में युद्धस्तर पर जुट गया है।

chat bot
आपका साथी