भाजपा ने सीएम योगी को भी बनाया पन्‍ना प्रमुख, एक-एक मतदाता को सहेजने में जुटी पार्टी

आगामी व‍िधान सभा चुनाव में भाजपा के पन्‍ना प्रमुखों की महत्‍वपूर्ण भूम‍िका होगी। सभी पन्ना प्रमुख अपनी टीम बना सकेंगे। पार्टी नेतृत्व के निर्देश के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी मंत्रियों जनप्रतिनिधियों को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 11:48 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 11:48 AM (IST)
भाजपा ने सीएम योगी को भी बनाया पन्‍ना प्रमुख, एक-एक मतदाता को सहेजने में जुटी पार्टी
उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ। - फाइल फोटो

गोरखपुर, डा. राकेश राय। भाजपा ने हर चुनाव की तरह 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भी पन्ना प्रमुखों के माध्यम से हर मतदाता तक पहुंचने की तैयारी कर ली है। पन्ना प्रमुख का चयन तो महीने पहले ही कर लिया गया था, अब उनकी जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। चूंकि पार्टी नेतृत्व के निर्णय के मुताबिक पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी हर पन्ने के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि को सौंपी गई है, ऐसे में व्यस्तता के बीच अपनी उस जिम्मेदारी को निभाने का रास्ता भी सुझाया गया है। सभी पन्ना प्रमुख अपनी टीम बना सकेंगे, जिसमें उस पन्ने पर पर मौजूद भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। पार्टी नेतृत्व के निर्देश के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा ने विधानसभा चुनाव के नजरिए से तय की पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी

पन्ना प्रमुखों को अपने लिए निर्धारित पन्ने के दोनों तरफ अंकित मतदाताओं को पार्टी के पक्ष करने का दायित्व सौंपा गया है। इसके लिए कई रास्ते सुझाए गए हैं। पहला तो उन्हें रजिस्टर बनाना होगा, जिसमें हर मतदाता की वर्तमान स्थिति की जानकारी दर्ज करनी होगी। मतदाता अगर स्वर्गवासी हो गया है तो उसका नाम सूची से बाहर करवाने के लिए प्रयास करना होगा। यदि वह मौके पर मौजूद है, तो वाट्सएप नंबर सहित उसकी संपूर्ण जानकारी डायरी में दर्ज करनी होगी, जिससे उसके साथ पार्टी के पक्ष में करने के लिए निरंतर संपर्क साधा जा सके।

पन्ने पर अंकित उन मतदाताओं के नाम विशेष रूप से चिन्हित करने को कहा गया है, जिनका व्यक्तित्व प्रभावशाली है और पार्टी के पक्ष में उनका इस्तेमाल उनके प्रभाव क्षेत्र में भी किया जा सकता है। ऐसे लोगों को पन्ना प्रमुख टीम का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। सूची में शामिल मतदाताओं के मौके पर न मिलने पर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उन्हें तलाश कर संपर्क करने की सलाह भी दी गई है।

पन्ना प्रमुख करेंगे एक-दूसरे की मानिटरिंग

पन्ना प्रमुख अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं या नहीं, इसकी मानिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है। यह व्यवस्था प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की गई है। इसकी खास बात यह है कि संगठनात्मक संरचना में अपने से नीचे के पदाधिकारियों की मानिटरिंग करने वाले पदाधिकारी को इस कार्य के साथ अपने पन्ने के लिए भी वही दायित्व निभाना सुनिश्चित करना होगा, जिसकी वह मानिटरिंग की दौरान अधीनस्थ पदाधिकारी से उम्मीद कर रहा है।

जिले में बनाए गए हैं 46 हजार 332 पन्ना प्रमुख

गोरखपुर जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में 46 हजार 332 पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। भाजपा के संगठनात्मक दो जिलों में जिला और महानगर अध्यक्ष को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में 13 हजार 122 पन्ना प्रमुखों की सूची तैयार की गई है जबकि जिलाध्यक्ष ने 33 हजार 210 पन्ना प्रमुख बनाए हैं।

chat bot
आपका साथी