बीमित किसानों को मिलेगी फसल की क्षतिपूर्ति

विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ किसान दिवस

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 08:10 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 08:10 PM (IST)
बीमित किसानों को मिलेगी फसल की क्षतिपूर्ति
बीमित किसानों को मिलेगी फसल की क्षतिपूर्ति

जागरण संवाददाता, बस्ती : अतिवृष्टि से खराब हुई फसल की क्षतिपूर्ति किसानों को मिलेगी। इसके लिए बीमित किसान निर्धारित प्रारूप पर सूचना भर कर निकट के कृषि बीज गोदाम, ब्लाक, तहसील, मुख्यालय पर कृषि विभाग के कार्यालय में जमा कर सकते है। यह जानकारी सीडीओ डा. राजेश कुमार प्रजापति ने दी। वह विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों को जानकारी दे रहे थे। बताया कि 50 प्रतिशत से अधिक फसल की क्षति होने पर बीमित किसानों को तत्काल 25 प्रतिशत धनराशि उनके खाते में बीमा कम्पनी द्वारा भेजी जाएगी।

सीडीओ ने बताया कि पिछले वर्ष चार करोड़ रुपये से अधिक धनराशि बीमित किसानों को क्षतिपूर्ति का दिया गया है। कहा कि राजस्व, कृषि एवं बीमा कंपनी की संयुक्त टीम द्वारा फसलों की क्षति का आकलन किया जा रहा है। बीमित किसानों को इसकी क्षतिपूर्ति शीघ्र ही उपलब्ध कराई जाएगी। डिप्टी आरएमओ गोरखनाथ तिवारी ने बताया कि जनपद में एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। सभी किसान पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा लें और जिन्होंने पहले रजिस्ट्रेशन कराया है वे उसका रीनिवल करा लें। जनपद में इस साल कुल 121 धान क्रय केंद्र खोले जाएंगे, जिसमें से 61 क्रय केंद्रों की स्थापना कर दी गई है। शेष केन्द्रों को भी 25 अक्टूबर तक स्थापित कर दिया जाएगा।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. आरवी सिंह ने बताया कि 500 मिली लीटर नैनो यूरिया 45 किलो यूरिया के एक बैग से ज्यादा किफायती है। इसका उपयोग आसान है तथा यह वायु अथवा जल को प्रदूषित नहीं करता है। 120 लीटर पानी में इसका घोल बनाकर छिड़काव करने से यह सीधे पौधों को प्राप्त होता है तथा क्षति कम होती है, जबकि यूरिया के दाने पौधो को नहीं मिल पाते है। किसान पृथ्वीराज, तीरथराज, विश्वनाथ चौधरी, रामउजागिर सिंह, विजेन्द्र बहादुर पाल ने समस्याओं को रखा। विभागीय अधिकारी मनीष सिंह, सुधाकर चक्रवर्ती, लीड बैंक मैनेजर अविनाश चंद्रा, सहायक अभियंता डा. राजेश कुमार, बीमा कंपनी, मत्स्य के संदीप वर्मा, विद्युत के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी