जयकारे संग श्रद्धालुओं ने दी मां को विदाई

पूर्णिमा के दिन विभिन्न स्थानों पर 518 प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन कुआनो नदी के अमहट तट पर देर रात तक विसर्जित हुई दुर्गा प्रतिमाएं

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 06:13 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 06:13 AM (IST)
जयकारे संग श्रद्धालुओं ने दी मां को विदाई
जयकारे संग श्रद्धालुओं ने दी मां को विदाई

जागरण संवाददाता, बस्ती: जिले के विभिन्न स्थानों पर नदियों के घाटों और पोखरों में बुधवार को श्रद्धालुओं ने जय माता दी के जयघोष के साथ मां को अंतिम विदाई दी। प्रतिमा विसर्जन से पूर्व श्रद्धालुओं ने मां की आरती उतारी और प्रतिमा का विसर्जन किया।

जिले में इस बार कुल 1483 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी। इनमें से 965 का विसर्जन दशहरा के दिन ही कर दिया गया था। शेष 518 प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्णिमा के दिन होना था। इनमें सर्वाधिक 200 प्रतिमाओं का विसर्जन बस्ती शहर के अमहट घाट पर होना था। दिन में तीन बजे से ही दुर्गा प्रतिमाओं को लेकर श्रद्धालु नाचते गाते, जयकारा लगाते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे। अमहट घाट पर रात 10 बजे तक कुल 195 प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका था। इनमें कोतवाली क्षेत्र की 79 और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की 56 प्रतिमा शामिल थी। शेष विसर्जित होने वाली प्रतिमाएं अन्य थाना क्षेत्र की थी। घाट पर एसडीएम पवन कुमार जायसवाल, तहसीलदार चंद्रभूषण, कोतवाल शिवाकांत मिश्र आदि मौजूद रहकर विसर्जन का जायजा लेते रहे। घाट पर रोशनी और नाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। लाइफ जैकेट के साथ गोताखोर भी मौजूद रहे।

.........

धूमधाम व शांतिपूर्ण ढंग से रुधौली की 35 प्रतिमाएं विसर्जित

रुधौली, बस्ती: शरद पूर्णिमा के अवसर पर रुधौली थाना क्षेत्र की शेष 35 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से हो गया। प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कस्बे में शराब की दुकान बुधवार को दोपहर दो बजे के बाद बंद करवा दी गई। विसर्जन के क्रम में आमी नदी के कड़सरा पुल पर 14, रेरुआ नहर में चार, बाघडीह पुल पर चार, हनुमंता पुल पर एक, हनुमान गंज नहर में सात प्रतिमाओं विसर्जन कराया गया। शेष प्रतिमाएं अन्य स्थानों पर विसर्जित की गईं। इस दौरान उप जिलाधिकारी आनंद श्रीनेत, अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अवनीश सिंह, चेयरमैन धीरसेन निषाद, तहसीलदार प्रमोद कुमार, कानूनगो देवेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

........

गाजे बाजे के साथ हुआ दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन

सिकंदरपुर, बस्ती: परशुरामपुर विकास क्षेत्र में नवरात्र के पंचमी व सप्तमी को स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को जयकारे व गाजे-बाजे के बीच सम्पन्न हुआ। सिकंदरपुर बाजार में हर्रैया के विधायक अजय सिंह, उमेश चंद्र मद्धेशिया ,राम प्रसाद सोनी, लवकुश मोदनवाल, कस्तूरचंद मद्धेशिया, राजू श्रीवास्तव, संजय कमल सहित सैकड़ों लोग विसर्जन के लिए प्रतिमा की शोभायात्रा में शामिल हुए। सिकंदरपुर, नन्दनगर चौरी, देवनाथपुर, छेदियापारा, धेनुगांवा आदि स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन मखौड़ा में मनोरमा नदी व अयोध्या में सरयू नदी में किया गया। प्रभारी निरीक्षक परशुरामपुर अवधेश राज सिंह अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। बानपुर प्रतिनिधि के अनुसार देईसांड , बनकटी , सजहरा , भईलवा में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धालुओं ने नम आंखों से किया। अबीर-गुलाल उड़ाकर श्रद्धालु बानपुर पीडिया घाट पहुंचे। यहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

chat bot
आपका साथी