24 घंटे में दो बार बदला मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल

प्रेक्षागृह में लगेगा मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला और प्रदर्शनी

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 06:16 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 06:16 AM (IST)
24 घंटे में दो बार बदला मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल
24 घंटे में दो बार बदला मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल

जासं,बस्ती : खराब मौसम और बारिश के चलते बस्ती में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल दो बार बदलना पड़ा। अब मुख्यमंत्री का सारा कार्यक्रम अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में होगा। यहीं से मुख्यमंत्री संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान का शुभारंभ करने के साथ ही संक्रामक रोगों के सफाये का संदेश प्रदेशभर में देंगे।

पहले मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जीआइसी परिसर में रखा गया। बारिश और जलजमाव के चलते सोमवार की सुबह कार्यक्रम स्थल बदल कर शिवहर्ष किसान पीजी कालेज कर दिया गया। पूरे दिन यहां तैयारियां चलीं। शाम होते ही फिर से झमाझम बारिश हो गई। इस तरह दूसरा कार्यक्रम स्थल भी जलजमाव की चपेट में आ गया। सुरक्षात्मक दृष्टि से परीक्षण करने के बाद शाम सात बजे जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल बदलने का फैसला लिया। मंगलवार को यहां मुख्यमंत्री के होने वाले सभी कार्यक्रम अब अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में होंगे।

सोमवार को ऐसा लगा मानों भगवान इंद्रदेव की जिला प्रशासन की परीक्षा ले रहे हों। जिलाधिकारी ने भी हार नहीं मानी। रात में पूरी प्रशासनिक मशीनरी को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में लगा दिया गया। सुबह तक यह स्थल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के मद्देनजर तैयार करने की चुनौती है।

जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कोई फेरबदल नहीं हुआ है। खराब मौसम और बारिश को देखते हुए स्थल बदला गया है। अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता पखवारा संचारी रोग और दस्तक अभियान का शुभारंभ करेंगे। यहां मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला भी आयोजित किया गया है। मनरेगा और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी