गुप्तकालीन सूर्य प्रतिमा चोरी का प्रयास, करोड़ों है कीमत

कुशीनगर सूर्य मंदिर से चोरों ने गुप्तकालीन सूर्य प्रतिमा को चोरी का प्रयास किया। छेनी हथौड़ी से प्रतिमा को उखाड़ने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 18 Nov 2018 09:59 AM (IST) Updated:Sun, 18 Nov 2018 03:42 PM (IST)
गुप्तकालीन सूर्य प्रतिमा चोरी का प्रयास, करोड़ों है कीमत
गुप्तकालीन सूर्य प्रतिमा चोरी का प्रयास, करोड़ों है कीमत

गोरखपुर, जेएनएन। कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी सूर्य मंदिर से चोरों ने गुप्तकालीन सूर्य प्रतिमा की चोरी का प्रयास किया है। छेनी हथौड़ी से प्रतिमा को उखाड़ने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। असफल होने के बाद चोरों ने प्रतिमा पर प्रहार कर उसे क्षतिग्रस्त करने की भी कोशिश की। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में नीलम पत्थर से बनी इस प्रतिमा की कीमत करोड़ों में है। वर्ष 1998 में एक बार यह प्रतिमा चोरी हो चुकी है। तब यूपी व बिहार पुलिस के संयुक्त प्रयासों से प्रतिमा बरामद हुई थी। पुलिस ने प्रतिमा की सुरक्षा बढ़ाई पर सुरक्षा को धता बताते हुए चोरों ने ताजा प्रयास में मूर्ति को क्षति पहुंचाई और दान पात्र ले गए। पुलिस जांच में जुटी है।

नित्य की भांति शनिवार को भी मंदिर सुबह छह बजे दर्शन के लिए खुला और शाम सात बजे बंद हो गया। पुजारी अन्तर्यामी दास के अनुसार सुबह गांव के दो व्यक्ति प्रतिदिन सफाई करते हैं। वह रविवार सुबह आए तो बाहर व अंदर गर्भगृह का ताला टूटा मिला। चोरों ने मंदिर के बाहर गेट का एवं गर्भगृह में लगा दो ताला तोड़ दिया है। दान पात्र गायब है। इसमें लगभग 40 हजार रुपये थे। मूर्ति के चोरी का भी प्रयास किया गया है। असफल होने पर किसी भारी चीज से प्रहार किया गया है, जिसका निशान साफ दिख रहा है।

मंदिर परिसर में चार दिनों से कुशीनगर महोत्सव चल रहा था जिसका समापन शनिवार को दिन में ही हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इसी समारोह की भीड़ में शामिल होकर चोरों ने पहले मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की विधिवत रेकी की और फिर मौका देखकर मूर्ति को उड़ाने का प्रयास किया। वर्ष 1981 में एक खुदाई के दौरान यह प्रतिमा मिली थी। लोगों ने मंदिर का निर्माण कर प्रतिमा को स्थापित कर दिया और विधिवत पूजन-अर्चन प्रारंभ हो गया। जिला प्रशासन और यूपी पर्यटन ने स्थल के विकास में सहयोग किया। थानाध्यक्ष उमेश कुमार का कहना है कि विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी