महराजगंज में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के घर बदमाशों का धावा, फायरिंग Gorakhpur News
बदमाशों ने भाजपा के प्रदेश कार्य समिति के सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी के घर को घेर लिया। बदमाशों को देख समीर त्रिपाठी ने अपने बचाव में दो राउंड फायरिंग की।
गोरखपुर, जेएनएन। महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार में गुरुवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने भाजपा के प्रदेश कार्य समिति के सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी के घर को घेर लिया। बदमाशों को देख समीर त्रिपाठी ने अपने बचाव में दो राउंड फायरिंग की। जिससे बदमाश भाग गए। उक्त घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच व बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
बाउंड्रीवाल कूदकर पहुंचे घर के पास
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी ने बताया कि देर रात कुछ लोग उनके बाउंड्रीवाल कूद घर की तरफ बड़े। तभी घर के बच्चों की निगाह उन पर पड़ गई। वे शोर मचाने लगे। इसके बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भी अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर सतर्क हो गए और फायरिंग की। जिससे बदमाश गांव के दक्षिण की तरफ भाग गए।
छह दिसंबर को भी आए थे बदमाश
समीर त्रिपाठी ने बताया कि इस तरह का वाकया इसके पूर्व भी छह सितंबर हो चुका है। जब उनके घर बदमाश आए थे। घर के परिसर में एक जिंदा कारतूस भी मिला है। पूरी घटना के बाद उनका परिवार दहशत में है। बदमाश कौन हैं, यह उन्हें पता नहीं है।
सुरक्षा की मांग
समीर त्रिपाठी ने मौके पर पहुंची पुलिस से जान माल के सुरक्षा की गुहार लगाई और अज्ञात बदमाशों को पकड़ने की मांग की। एसओ परमाशंकर यादव का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।