doctors advice : घर में भी मास्क लगाएं गर्भवती, खानपान पर दें ज्यादा ध्यान

doctors advice कोरोना संक्रमण से गर्भवती को बचना ज्यादा जरूरी होता है। गर्भावस्था में ज्यादा क्षमता की दवाएं भी नहीं जाती हैं। घर में यदि परिवार के साथ बैठ रही हैं तो मास्क जरूर लगाएं। खानपान पर विशेष ध्यान दें। मनपसंद फल का सेवन करें।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 07:10 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 07:10 PM (IST)
doctors advice : घर में भी मास्क लगाएं गर्भवती, खानपान पर दें ज्यादा ध्यान
हैलो डाक्‍टर में सवालों का जवाब देतीं डा.अनामिका त्रिपाठी। जागरण

गोरखपुर, जेएनएन : कोरोना संक्रमण से गर्भवती को बचना ज्यादा जरूरी होता है। गर्भावस्था में ज्यादा क्षमता की दवाएं भी नहीं जाती हैं। घर में यदि परिवार के साथ बैठ रही हैं तो मास्क जरूर लगाएं। खानपान पर विशेष ध्यान दें। मनपसंद फल का सेवन करें। ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ लें और नींबू, तुलसी का पत्ता, काढ़ा, प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ लें। जंकफूड, मिर्च-मसाला वाले भोजन न लें। अनुलोम-विलोम, पद्मासन, ताड़ासन, श्वासन आदि योग करें। यह जानकारी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा. अनामिका तिवारी ने दी। वह दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम 'हैलो डाक्टर' में महिलाओं के सवालों का जवाब दे रही थीं।

साफ-सफाई को लेकर लापरवाही बीमारी को बना रही है खतरनाक

महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के सवालों पर डा. अनामिका ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं में साफ-सफाई को लेकर लापरवाही बीमारी को खतरनाक बना रही है। भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए 12-13 वर्ष की आयु में ही लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमा वाइरस वैक्सीन की तीन डोज लगवा देनी चाहिए।

सवाल - गर्भावस्था में कोरोना से बचाव का टीका लगवाया जा सकता है।

मधु सिंह, तारामंडल

जवाब - गर्भावस्था की जानकारी होने के बाद टीका नहीं लगवाना चाहिए। बच्चे को दूध पिलाने वाली महिलाएं टीका लगवा सकती हैं।

सवाल - अभी 37 वर्ष की उम्र है, लेकिन पीरियड्स नहीं आ रहे हैं।

सुरेखा, कूड़ाघाट

जवाब - अब कई मामलों में कम उम्र में ही मेनोपाज यानी रजोनिवृत्ति हो जा रही है। ऐसी स्थिति में डाक्टर से जरूर सलाह लें। भोजन में आइरन और कैल्शियम जरूर शामिल करें। रजोनिवृत्ति की सामान्य उम्र 45-46 वर्ष होती है। रजोनिवृत्ति के समय शरीर में तेजी से हार्मोन में बदलाव होता है। इसमें चिड़चिड़ापन, कमजोरी, कमर-पेड़ू में दर्द आदि की शिकायत होती है।

सवाल - 58 वर्ष की आयु हो चुकी है फिर भी कभी-कभी पीरियड्स आ जाते हैं।

रंजू, मोहद्दीपुर

जवाब - बच्चेदानी के मुंह की पेपस्मीयर जांच जरूरी है। विशेषज्ञ डाक्टर को दिखाएं।

सवाल - दो महीने पहले कोरोना का संक्रमण हो चुका है, अब बहुत कमजोरी है।

गीता, हुमायूंपुर

जवाब - कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित होने वालों में पोस्ट कोविड दिक्कतों में कमजोरी भी शामिल है। फिलहाल ज्यादा काम से बचें और खानपान ठीक करें।

सवाल - पीरियड्स के कारण महिलाओं और लड़कियों में एनीमिया के मामले ज्यादा होते हैं, क्या करना चाहिए।

सुनीता, बसंतपुर

जवाब - प्रोटीन, कैल्शियम और आयरन युक्त भोजन करें। गुड़, किसमिस, अनार और चुकंदर आयरन के अच्छे स्रोत हैं।

सवाल - 35 साल की उम्र में शादी हुई थी। तीन साल हो गए, बच्चे नहीं हैं, क्या आइवीएफ कराना पड़ेगा।

नेहा, गोरखनाथ

जवाब - शादी के बाद पति के साथ लगातार एक साल तक रहने के बाद भी बच्चे न हों तो डाक्टर की सलाह लेनी चाहिए। कई बार बांझपन की दिक्कत नहीं होती। कई लोग शादी के तत्काल बाद आइवीएफ के चक्कर में पड़ जाते हैं। पहले विशेषज्ञ डाक्टर से सलाह लें। निर्णय लेने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।

सवाल - बेटी की उम्र नौ साल है, पीरियड्स आने लगे हैं, क्या करना चाहिए।

शालू, पादरी बाजार

जवाब - जंक फूड, मिलावटी दूध, मिर्च-मसाला वाले पदार्थ, शारीरिक व्यायाम न करने आदि के कारण बच्चियों में कम उम्र में पीरियड्स आने के मामले सामने आ रहे हैं। यह अच्छी स्थिति नहीं है लेकिन एक बार पीरियड्स शुरू होने पर इसे रोका भी नहीं जा सकता। साफ-सफाई का ध्यान रखें और खानपान अच्छा करें। बच्चियों में मोटापा भी बड़ी समस्या है। इस पर भी ध्यान दें।

इन्होंने भी पूछे सवाल

प्रीति सिंह बशारतपुर, रमा कूड़ाघाट, प्रतिमा रुस्तमपुर, निधि बिछिया, अर्चना मोहद्दीपुर, अनीता हुमायूंपुर, अनुपमा, वंदना, शुभि आदि।

chat bot
आपका साथी