गोरखपुर के नाम जुड़ी एक और उपलब्धि, महिला नसबंदी में प्रदेश में मिला पहला स्‍थान

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान 1508 महिलाओं को नसबंदी की सेवा देकर गोरखपुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। परिवार नियोजन की अन्य सात विधाओं में भी जिला टाप टेन की सूची में है।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 07:30 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 07:30 AM (IST)
गोरखपुर के नाम जुड़ी एक और उपलब्धि, महिला नसबंदी में प्रदेश में मिला पहला स्‍थान
महिला नसबंदी में गोरखपुर को प्रदेश में मिला पहला स्‍थान। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : प्रदेश में 11 से 31 जुलाई तक चले विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान कुल 1508 महिलाओं को नसबंदी की सेवा देकर गोरखपुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। परिवार नियोजन की अन्य सात विधाओं में भी जिला टाप टेन की सूची में है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (परिवार कल्याण) डा. नंद कुमार ने बताया कि यह सफलता प्रतिदिन की रणनीति, अंग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टनर संस्था उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (यूपीटीएसयू) की मदद से संभव हो सकी है।

लक्ष्‍य अर्जित करने के लिए उत्‍साहित करते थे परिवार नियोजन विशेषज्ञ

डा. नंद कुमार ने बताया कि यूपीटीएसयू से जुड़े जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ प्रतिदिन राज्य स्तर पर गोरखपुर की रैकिंग की रिपोर्ट देकर लक्ष्‍य अर्जित करने के लिए उत्‍साहित करते थे। जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनएचएम, पंकज आनंद समेत पूरी टीम ब्लाकों से समन्वय स्थापित कर रैकिंग सुधारने के प्रयास में जुटी थी। इसके सुखद परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल -द चैलेंज इनीशिएटिव फार हेल्दी सिटीज ने भी काफी सहयोग किया। स्वास्थ्य संचार के स्तर पर सेंटर फार एडवोकेसी एंड रिसर्च ने लोगों को जागरूक किया। सभी के सम्मिलित प्रयासों से यह सफलता मिली है।

पखवाड़े की उपलब्धियां

विधा                    दी गई सेवा          प्रदेश में स्थान

महिला नसबंदी       1508                 प्रथम

पुरुष नसबंदी          12                     14वां

पीपीआइयूसीडी      1550                   दूसरा

आयूसीडी              3188                  आठवां

अंतरा इंजेक्शन       3789               दूसरा

छाया                   15997               नौवां

कंडोम                  2,21,460           दूसरा

ओरल पिल्स          21481             पांचवां

इमर्जेंसी पिल्स       10709             तीसरा

गत वर्ष के पखवाड़े की उपलब्धियां

विधा                          दी गई सेवा

महिला नसबंदी            334

पुरुष नसबंदी                2

आयूसीडी                    1372

पीपीआइयूसीडी            1099

अंतरा                         1323

काेविड प्रोटोकाल का पालन कर दी गईं नसबंदी व अन्‍य सेवाएं

सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने कहा कि नसबंदी व अन्य सेवाएं कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए दी गईं। नसबंदी के लाभार्थियों का एंटीजन टेस्ट किया गया और निगेटिव रिपोर्ट आने पर ही सेवा दी गई। जिले में परिवार नियोजन की सेवाएं कोविड नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से दी जा रही हैं।

chat bot
आपका साथी