गोरखपुर में पशु तस्करों का इंजीनियर के घर हमला, सीसी कैमरे में कैद हुई घटना

गोरखपुर में पिकअप पर पशु लाद रहे तस्करों को देख इंजीनियर के पुत्र ने शोर मचा दिया। जिसके बाद तस्करों ने घर पर पथराव शुरू कर दिया। घटना की सूचना परिवार के लोगों ने 112 नंबर पर दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो तस्कर फरार हो गए।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 12:10 AM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 07:52 AM (IST)
गोरखपुर में पशु तस्करों का इंजीनियर के घर हमला, सीसी कैमरे में कैद हुई घटना
इंजीनियर के घर हमला करते पशु तस्करों की सीसी कैमरे में रिकार्ड तस्वीर। - पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीर

गोरखपुर, जेएनएन। शाहपुर के आवास-विकास कालोनी में बुधवार की रात पिकअप पर पशु लाद रहे तस्करों को देख इंजीनियर के पुत्र ने शोर मचा दिया। जिसके बाद तस्करों ने घर पर पथराव शुरू कर दिया। घटना की सूचना परिवार के लोगों ने 112 नंबर पर दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो तस्कर फरार हो गए। शाहपुर पुलिस ने देर रात तक खोजबीन की लेकिन पिकपअ सवार पशु तस्करों का पता नहीं चला।

शाहपुर के आवास विकास कालोनी में बुधवार की रात हुई घटना

बुधवार की रात 11.30 बजे पशु तस्कर पिकपअ लेकर कालोनी में रहने वाले इंजीनियर शशिकांत के घर के सामने पहुंचे। बी ब्लाक में घूम रहे पशुओं को पकड़ने लगे। जिसकी करतूत इंजीनियर के घर में लगे सीसी कैमरे में कैद हो रही थी। छत पर खड़े इंजीनियर के 12 वर्षीय पुत्र ने तस्करों को शोर मचा दिया। जिसके बाद तस्करों ने शशिकांत के घर पथराव शुरू कर दिया। शोर मचाने पर कालोनी के लोग बाहर निकले और तस्करों को दौड़ा लिया। लेकिन पशु तस्कर पथराव करते व असलहा लहराते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

फुटेज कब्जे में लेकर देर रात तक इलाके में तस्करों को ढूंढा लेकिन पता नहीं चला। इसस पहले 23 मई को तस्करों ने गीता वाटिका के सामने नवीन गुप्ता के घर पथराव कर दिया था। जिसमें जेल रोड चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पशु तस्करों के दुस्साहस से कालोनी के लोग सहमे हुए हैं। कोरोना कर्फ्यू के दौरान रात में खुलेआम घूम रहे वारदात कर रहे पशु तस्करों ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। रात गश्त होने के बाद भी तस्कर क्यों नहीं पकड़े जा रहे हैं यह समझ से परे है।

छह जून को तोड़ी थी सिपाहियों की बाइक

छह जून की रात में पिकअप सवार पशु तस्करों ने कैंट क्षेत्र के बेतियाहाता में गश्त कर रहे सिपाहियों को देखकर मारने के लिए दौड़ा लिया। बचने के लिए सिपाही बाइक छोड़कर भाग गए। जिसके बाद पशु तस्करों ने सिपाहियों की बाइक तोड़ दी।घटना के बाद तस्कर टीपी नगर की तरफ फरार हो गए।पुलिस ने देर रात तक शहर की नाकाबंदी कर तस्करों को ढूंढा लेकिन पता नहीं चला।

तस्करों के डर से रात भर जाग रहे पशु पालक

शहर में बेखौफ होकर घूम रहे तस्करों का खौफ पशु पालकों के साथ ही पुलिस के सिर चढ़कर बोल रहा है।कैंट, रामगढ़ताल,शाहपुर, खोराबार इलाके में हाईवे से सटे गांव मोहल्ले के पशु पालक रात भर जागकर रखवाली कर रहे हैं।पैडलेगंज के पड़हा मोहल्ले में पिछले एक माह के भीतर चार भैंस व गाय चोरी हो चुकी है।शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।जिसके बाद पशुपालक रात भर जागकर खुद अपने पशुओं की रखवाली कर रहे हैं।

पशु तस्करों पर कार्रवाई करने के निर्देश सभी थानेदारों को दिए गए हैं।घटनास्थल पर मिले सीसी कैमरे की फुटेज के जरिए शहर में सक्रिय पशु तस्करों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही पशु तस्करों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। - दिनेश कुमार पी, एसएसपी।

chat bot
आपका साथी