वीडियो देख श्वान के इलाज के लिए 1200 किलोमीटर दूर से आ गई टीम

चोट लगने पर जानवर का भी इलाज होना चाहिए। इस सोच पर महाराष्ट्र के चंद्रपुर की एक संस्था के स्वयंसेवक घायल श्वान के इलाज के लिए 1200 किलोमीटर का सफर तय कर कुशीनगर आ गई। श्वान को घायल करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर देखा था।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 08:30 AM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 07:07 PM (IST)
वीडियो देख श्वान के इलाज के लिए 1200 किलोमीटर दूर से आ गई टीम
श्वान के इलाज के लिए 1200 किलोमीटर दूर से आई टीम। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन : इंसान हो या जानवर, दर्द सभी को होता है। चोट लगने पर जानवर का भी इलाज होना चाहिए। हम इंसानों को चोट लगने पर क्‍या-क्‍या नहीं करते हैं। इसी तरह की सोच जानवरों के साथ भी रखनी चाहिए, जिससे उनकी तकलीफ और दर्द को दूर किया जा सके। इसी तरह की सोच वाली महाराष्ट्र के चंद्रपुर की एक संस्था के स्वयंसेवक घायल श्वान के इलाज के लिए 1200 किलोमीटर का सफर तय कर कुशीनगर जिले में आ गए। उन्होंने एक श्वान को सरिया मारकर घायल करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर देखा था। सरिया श्वान के पेट में घुसी हुई है। ये देखने के बाद से ही टीम के सदस्‍य श्‍वान के इलाज के लिए काफी परेशान थी। उस श्‍वान का बेहतर इलाज हो सके, इस‍के लिए टीम वहां से चल दी।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था पडरौना वीडियो

पडरौना का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। उसे महाराष्ट्र के चंद्रपुर की संस्था 'प्यार रेस्क्यू सेंटर' के अर्पित सिंह ठाकुर और कुणाल महले ने देखा। वीडियो देख श्‍वान के इलाज के लिए वे कुशीनगर पहुंच गए। उन्होंने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनय जायसवाल से बातचीत की। साथ ही श्वान की तलाश करने के लिए सहयोग मांगा। सुबह से शुरू हुई तलाश देर रात रात नौ बजे सुभाष चौक पर पूरी हुई।

घायल श्‍वान को एंबुलेंस से लाया गया पशु चिकित्‍सालय

घायल श्वान को नगर पालिका के एंबुलेंस से पशु चिकित्सालय लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। अर्पित सिंह ठाकुर और कुणाल महले ने बताया कि श्वान का आपरेशन करना पड़ सकता है। यहां आपरेशन संभव नहीं हुआ तो वे श्वान को दिल्ली ले जाएंगे। उन्होंने बताया कि बेसहारा पशुओं की देखभाल करने वाली यह संस्था चंद्रपुर के डा. देवेंद्र रापेली चलाते हैैं। अब तक कई पशुओं की देखभाल कर उनका इलाज किया जा चुका है।

chat bot
आपका साथी