उपनगर आयुक्त पर जूता तानने से आक्रोशित कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार, आज से सफाई ठप

उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल पर जूता तानने का मामला शांत होता नहीं दिख रहा है। आरोपित बेतियाहाता वार्ड के सपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अब नगर निगम कर्मचारी भी लामबंद होने लगे हैं।

By Navneet Prakash TripathiEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 05:15 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 05:15 PM (IST)
उपनगर आयुक्त पर जूता तानने से आक्रोशित कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार, आज से सफाई ठप
कार्य बहिष्‍कार की घोषणा करने के बाद प्रदर्शनकर करते नगर निगम के कर्मचारी। जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल पर जूता तानने का मामला शांत होता नहीं दिख रहा है। आरोपित बेतियाहाता वार्ड के सपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अब नगर निगम कर्मचारी भी लामबंद होने लगे हैं। कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया और पार्षद को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारियों ने 17 अक्‍टूबर से शहर की सफाई ठप करने की भी चेतावनी दी गई है।

कर्मचारी समन्‍वय समिति ने किया कार्य बहिष्‍कार का एलान

कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने शनिवार को काम ठप कर दिया। नगर निगम के बाहर कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया। राम प्रकाश सिंह ने कहा कि यह समय एकजुट होकर लड़ाई लडऩे का है। नगर निगम के अफसरों और कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। सभी को आरोपित का सामाजिक बहिष्कार करना पड़ेगा। कहा कि रविवार को पूरे शहर की सफाई सांकेतिक रूप से ठप रखी जाएगी। इस दौरान शेषनाथ पांडेय, फरहान अहमद, देवेंद्र मिश्र, रामदरश सिंह, अजय सिंह, दीपक कुमार श्रीवास्तव, राजू, सुनील, अमन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

नगर आयुक्त ने कमेटी बनाई

नगर निगम में सहायक अभियंता अशोक सिंह के वायरल आडियो को नगर आयुक्त ने गंभीरता से लिया है। नगर आयुक्त ने वायरल आडियो की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी के अध्यक्ष अपर नगर आयुक्त आरबी सिंह बनाए गए हैं। कमेटी में मुख्य अभियंता सुरेश चंद, लेखाधिकारी व जोन तीन के अफसर अमरेश बहादुर पाल और सहायक नगर आयुक्त व जोन चार के अफसर अविनाश प्रताप सिंह शामिल किए गए हैं।

वायरल हो रहे आडियो की जांच करेगी कमेटी

नगर आयुक्त ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी ने नगर निगम प्रशासन को आडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उसे इसकी जानकारी देनी चाहिए थी लेकिन इसके बाद भी वरिष्ठ अभियंता अशोक सिंह ने जिस तरह असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया है, उसे किसी भी हाल में सही नहीं कहा जा सकता है। कमेटी पता लगाएगी कि वायरल आडियो कब रिकार्ड किया गया था, घटना कब की है, क्या आडियो पहले भी जारी हुआ था, यदि आडियो पहले वायरल हुआ था तो अब थाने में तहरीर देने के पीछे उद्देश्य क्या है।

एसआइटी से जांच की होगी सिफारिश

नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि नगर निगम में उप नगर आयुक्त से दुव्र्यवहार और वायरल आडियो की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित करने की सिफारिश की जाएगी।

यह है मामला

13 अक्टूबर को वार्ड में डस्टबिन लगवाने की मांग लेकर पहुंचे बेतियाहाता के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी सोनू उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल से मिलने पहुंचे। यहां नोकझोंक के बीच पार्षद ने उप नगर आयुक्त को मारने के लिए जूता निकाल लिया। पार्षद राजेश तिवारी और बृजेश सिंह छोटू ने किसी तरह बीच-बचाव किया। उप नगर आयुक्त की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी।

नियमावली के अनुसार चलेगा नगर निगम

पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के खिलाफ एफआइआर दर्ज होने के मामले में सपा पार्षदों ने भी विरोध जारी रखा है। बैठक के बाद पार्षद दल के नेता अशोक यादव ने कहा कि विश्वजीत त्रिपाठी के खिलाफ दर्ज एफआइआर वापस नहीं ली गई और उप नगर आयुक्त के खिलाफ एफआइआर नहीं दर्ज की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। कहा कि नगर निगम नियमावली के अनुसार चलेगा। अफसरों को अपने चैंबर में बैठना ही पड़ेगा। कर्मचारियों को अपने पद के अनुरूप काम करना होगा। कर्मचारी समन्वय समिति के कई पदाधिकारी पद के अनुसार काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे लोगों को काम करने के लिए बाध्य किया जाएगा। बैठक में जियाउल इस्लाम, शकुन मिश्रा, शहाब अंसारी, मो. जुबेर, मतीउ्दीन, असलम, अमीरुद्दीन, प्रभा पासवान, संजय यादव आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी