शत-प्रतिशत आवास जल्द पूर्ण कराएं बीडीओ

बीडीओ की देख-रेख में आवास की प्रगति को सुधारेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 06:34 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 06:34 AM (IST)
शत-प्रतिशत आवास जल्द पूर्ण कराएं बीडीओ
शत-प्रतिशत आवास जल्द पूर्ण कराएं बीडीओ

संतकबीर नगर: अब प्रत्येक कार्य दिवस में शाम के सात बजे तक जनपद के सभी नौ ब्लाक के कार्यालय खुले रहेंगे। बीडीओ के साथ सभी कर्मी मौजूद रहेंगे। बीडीओ की देख-रेख में आवास की प्रगति को सुधारेंगे। पिछले वित्तीय सत्र 2020-21 में मिले लक्ष्य की तुलना में अब तक जिले में सिर्फ 55.28 फीसद प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) ही पूर्ण रूप से बन पाए हैं। इसमें बघौली ब्लाक में सबसे अधिक लक्ष्य की तुलना में 75.10 फीसद आवास पूर्ण हुए हैं। जबकि पौली ब्लाक में सबसे कम लक्ष्य की तुलना में 36.91 फीसद आवास पूर्ण हुए हैं। परियोजना निदेशक (पीडी) जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) ने प्रगति में सुधार के लिए सभी बीडीओ को यह फरमान जारी कर दिया है।

पिछले वित्तीय सत्र 2020-21 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले को 21556 आवास का लक्ष्य मिला था। इसमें से 21510 को पहली किस्त के रूप में 70-70 हजार रुपये, 20835 लाभार्थियों को दूसरी किस्त के रूप में 40-40 हजार रुपये तथा 14139 लोगों को अब तक तीसरी किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये उनके बैंक खाते में भेजे गए हैं। प्रत्येक लाभार्थी को पीएम आवास बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये दिए जाते हैं। शासन व प्रशासन की सख्ती के बाद भी अब तक सिर्फ 11917 लाभार्थियों का पीएम आवास पूर्ण पाया है। बाकी आवास अधूरे हैं। अब जनपद के सभी नौ ब्लाक मुख्यालय प्रत्येक कार्य दिवस में शाम के सात बजे तक खुले रहेंगे। इस अवधि तक बीडीओ व सभी कर्मी उपस्थिति रहेंगे। बीडीओ ग्राम पंचायतों के सचिवों से संपर्क साधकर प्रगति को सुधारेंगे। शत-प्रतिशत आवास जल्द पूर्ण कराएंगे। जिस ब्लाक के बीडीओ ऐसा करने में नाकाम रहेंगे, उनके खिलाफ शासन स्तर से कार्रवाई के लिए संस्तुति की जा सकती है। बहरहाल पीडी-

डीआरडीए के इस फरमान से जनपद के सभी ब्लाक के कर्मियों में खलबली मची हुई है।

पिछले वित्तीय सत्र का लक्ष्य और कितने पूर्ण हुए पीएम आवास

ब्लाक : लक्ष्य : पहली : दूसरी : तीसरी किस्त: पूर्ण आवास

बघौली : 2325 : 2325 : 2310 : 1863 : 1746

बेलहरकलां : 1857 : 1853 : 1788 : 1075 : 904

हैंसर बाजार : 2848 : 2846 : 2770 : 2107 : 1381

खलीलाबाद : 1385 : 1384 : 1359 : 1061 : 978

मेंहदावल : 1667 : 1663 : 1647 : 1141 : 1045

नाथनगर : 3716 : 3698 : 3543 : 2261 : 1857

पौली : 2192 : 2190 : 1975 : 950 : 809

सांथा : 2833 : 2820 : 2750 : 1595 : 1475

सेमरियावां : 2733 : 2731 : 2693 : 2086 : 1722

योग : 21556 : 21510 : 20835 : 14139 : 11917

डीआरडीए के पीडी डीडी शुक्ल ने बताया कि शत-प्रतिशत आवास को जल्द पूर्ण कराने के लिए ऐसा किया गया है। सभी बीडीओ से कहा गया है कि वे इसका कड़ाई से अनुपालन कराएं। जिस ब्लाक के बीडीओ ऐसा करने में नाकाम रहेंगे, उनके खिलाफ शासन स्तर से कार्रवाई के लिए संस्तुति की जा सकती है।

chat bot
आपका साथी