प्रशासन अब टीकाकरण बढ़ाने के लिए बूथवार मतदाता सूची का करेगा प्रयोग, करेंगे जागरूक

जिले में टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन इलेक्शन माडल अपनाएगा। जिस तरह से राजनीतिक पार्टियां बूथवार मतदाता सूची के जरिये लोगों का समर्थन जुटाती हैं उसी तरह जिला प्रशासन भी बूथवार मतदाता सूची का प्रयोग लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने के लिए करेगा।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 08:10 PM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 08:10 PM (IST)
प्रशासन अब टीकाकरण बढ़ाने के लिए बूथवार मतदाता सूची का करेगा प्रयोग, करेंगे जागरूक
टीकाकरण बढ़ाने के लिए अपनाया जाएगा इलेक्‍शन माडल। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन : जिले में टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन 'इलेक्शन माडल' अपनाएगा। जिस तरह से राजनीतिक पार्टियां बूथवार मतदाता सूची के जरिये लोगों का समर्थन जुटाती हैं, उसी तरह जिला प्रशासन भी बूथवार मतदाता सूची का प्रयोग लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने के लिए करेगा। सूची में शामिल सभी लोग 18 साल से ऊपर के होते हैं। इन लोगों से व्यक्तिगत संपर्क कर कहा जाएगा कि वे टीका लगवा लें। टीका किस केंद्र पर लग रहा है, इसकी जानकारी भी दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन का अधिक जोर होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 30 लाख मतदाता हैं जबकि जिले में मतदाताओं की संख्या करीब 38 लाख है।

प्रतिदिन 10 से 12 हजार लोगों को लगाई जा रही वैक्‍सीन

जिले में धीरे-धीरे टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अभी जिले में करीब 10 से 12 हजार लोगों को वैक्‍सीन लगाई जा रही है। इसी महीने प्रशासन यह संख्या बढ़ाकर 25 हजार प्रतिदिन करने की कोशिश करेगा। जिले में 30 फीसद लोगों को जल्द से जल्द टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए इस लक्ष्य को पाने के प्रयास में प्रशासन जुटा है।

मतदाता सूची का प्रयोग करने से मिलेगी काफी सुविधा

प्रशासन का मानना है कि मतदाता सूची का प्रयोग करने से काफी सुविधा हो सकेगी और लक्ष्य को पूरा किया जा सकेगा। जिले में करीब 30 निजी अस्पतालों को टीकाकरण केंद्र बनाने की भी कोशिश की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से सक्षम लोग वहां टीका लगवा सकें। निजी चिकित्सालयों में अलग से टीका लगाने से जिले में टीकाकरण को गति मिलेगी। हालांकि अभी तक केवल तीन निजी अस्पतालों ने अपने यहां टीका लगाने की व्यवस्था की है।

इस महीने 10 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य

प्रदेश सरकार ने जून में करीब एक करोड़ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। जिला प्रशासन ने जिले में इस महीने 10 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रतिदिन 25 हजार लोगों को टीका लगाने की कोशिश होगी।

टीकाकरण बढ़ाने के लिए अपनाया जाएगा इलेक्‍शन माडल

जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन ने बताया कि जिले में टीकाकरण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस महीने करीब 10 लाख लोगों को टीका लगाना है। आगे इसे और बढ़ाया जाएगा। इसके लिए इलेक्शन माडल को अपनाया जाएगा। बूथवार मतदाता सूची के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी