देवरिया उपचुनाव : अभयनाथ त्रिपाठी बसपा प्रत्याशी घोषित Gorakhpur News

बसपा के मुख्य सेक्टर प्रभारी घनश्याम चंद खरवार ने कहा कि पार्टी मुखिया के निर्देश पर देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के होने वाले उपचुनाव के लिए अभयनाथ त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया गया है। चुनाव में कार्यकर्ता पूरी तरह से लगेंगे।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 11:45 AM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 11:45 AM (IST)
देवरिया उपचुनाव : अभयनाथ त्रिपाठी बसपा प्रत्याशी घोषित Gorakhpur News
बसपा प्रत्‍याशी अभय नाथ त्रिपाठी का फाइल फोटो।

गोरखपुर, जेएनएन। बसपा के मुख्य सेक्टर प्रभारी घनश्याम चंद खरवार ने कहा कि भाजपा सरकार सभी मोर्चो पर पूरी असफल हो गई है। केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण युवा, किसान और बेरोजगार सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देगी।

मंडलीय बैठक में प्रत्याशी के नाम की हुई घोषणा

खरवार मंडल कार्यालय पर मंडलीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी मुखिया के निर्देश पर देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के होने वाले उपचुनाव के लिए अभयनाथ त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया गया है। उप चुनाव में ही भाजपा की हालत ठीक नहीं है। प्रदेश सरकार की तरफ से किसी तरह का कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। जगह-जगह हत्‍या, लूट, दुष्‍कर्म एवं अन्‍य तमाम तरह की अपराध की घटनाएं बढ़ गई हैं। सरकार अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से असमर्थ हो गई है। जनता इस बार भाजपा को जरूर सबक सिखाएगी। इसी चुनाव में उसे अपनी स्थिति के बारे में पता चल जाएगा।

भाजपा सरकार ने कोई चुनावी वादा पूरा नहीं किया

उन्‍होंने कहा कि केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए खरवार ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने एक भी चुनावी वादों को पूरा नहीं किया। भाजपा का सबका साथ सबका विकास का नारा पूरी तरह झूठा साबित हुआ। गोरखपुर-बस्ती मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सुधीर कुमार भारती ने कहा कि बसपा शासन में सभी वर्ग के लोग सुरक्षित थे और सबका सम्मान होता था। जबकि केंद्र व प्रदेश सरकार जनता को परेशान करने में लगी हुई है। बैठक के दौरान बहुत से लोगों ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में पंकज पांडेय, रोहित मिश्र, विपुल तिवारी, सुशील मिश्रा, अमित पांडेय, सुशील पांडेय, रविशंकर तिवारी, रजनीश पांडेय आदि शामिल रहे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष घनश्याम राही, डॉ. बलिराम, सुरेंद्र मिश्र, सुरेश कुमार, प्रेम कुमार, सुरेश प्रसाद, जावेद सिमनानी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी