फर्जी स्टैंप लगा भारत में प्रवेश कर रहा माली का नागरिक हिरासत में

नेपाल में भूकंप के समय उसका पासपोर्ट और वीजा गायब हो गया था। तभी वह अपने देश माली वापस जाने के लिए परेशान था।

By Edited By: Publish:Wed, 21 Nov 2018 09:10 PM (IST) Updated:Thu, 22 Nov 2018 09:39 AM (IST)
फर्जी स्टैंप लगा भारत में प्रवेश कर रहा माली का नागरिक हिरासत में
फर्जी स्टैंप लगा भारत में प्रवेश कर रहा माली का नागरिक हिरासत में
गोरखपुर, जेएनएन। अपने पासपोर्ट व वीजा पर नेपाल का फर्जी स्टैंप लगाकर बुधवार को नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे पश्चिमी अफ्रीका के माली देश निवासी मामादोउ कोंटे को आब्रजन विभाग सोनौली के अधिकारियों ने हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे वापस नेपाल के आब्रजन व पुलिस को सौंप दिया गया।
आब्रजन अधिकारी केएन प्रसाद ने बताया कि मामादोउ कोंटे पुत्र संगरे मामादोउ दजौलाबोउगोऊ -2 बामाको माली गणराज्य का रहने वाला है। वह नेपाल से भारत के रास्ते अपने देश माली जाने की फिराक में था। खुफिया विभाग के अधिकारियों को पूछताछ में उसने बताया कि वह वर्ष 2015 नेपाल में आए भूकंप के समय आया था। भूकंप के समय उसका पासपोर्ट गुम हो गया था। किसी माध्यम से उसने अपना दूसरा पासपोर्ट तो बनवा लिया, लेकिन पासपोर्ट पर नेपाल का सही स्टैंप नहीं लगवा पाया। उसके बाद वह चिंता में पड़ गया। उसकी समझ में नहीं आ रहा था कि वह अपने देश कैसे वापस जाए। अपने देश वापसी के कारण ही वह फर्जी स्टैंप लगाकर भारत भागने के फिराक में था।
सोनौली चौकी प्रभारी विनोद राय ने बताया कि माली देश निवासी नागरिक को आब्रजन अधिकारियों ने पकड़ा था। उसके पासपोर्ट व वीजा पर फर्जी स्टैंप लगा हुआ था। इसी आधार पर विदेशी नागरिक को नेपाल आब्रजन व पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया है। नेपाल के बेलहिया थाने के इंस्पेक्टर वीर बहादुर थापा ने बताया कि एक विदेशी नागरिक को भारत के आब्रजन अधिकारियों ने सौंपा है। विदेशी नागरिक को नेपाल आब्रजन के अधिकारियों के माध्यम से काठमांडू दूतावास भेज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
chat bot
आपका साथी