North Eastern Railway: 45 से अधिक उम्र वाले 88.2 फीसद रेलकर्मियों ने लगवा लिया है टीका Gorakhpur News

45 वर्ष से अधिक आयु के 18643 रेलकर्मियों को कोविड से बचाव की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जिसमें मुख्यालय गोरखपुर के 6303 वाराणसी मंडल के 3878 लखनऊ मंडल के 5336 तथा इज्जतनगर मंडल 3226 रेलकर्मी शामिल हैं।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 05:02 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 05:02 PM (IST)
North Eastern Railway: 45 से अधिक उम्र वाले 88.2 फीसद रेलकर्मियों ने लगवा लिया है टीका Gorakhpur News
कोरानावायरस के टीकाकरण के संबंध में फाइल फोटो, जेएनएन।

गोरखपुर, जेएनएन। 45 वर्ष से अधिक आयु के रेलकर्मियों को युद्ध स्तर पर टीका लगाया जा रहा है। अभी तक पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर सहित लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल में 88.2 फीसद कर्मियों ने टीका लगवा लिया है। जल्द ही 100 फीसद रेलकर्मियों को टीका लगा दिया जाएगा।

यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने दी। वह मंडल रेल प्रबंधकों, प्रमुख विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के 18643 रेलकर्मियों को कोविड से बचाव की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जिसमें मुख्यालय गोरखपुर के 6303, वाराणसी मंडल के 3878, लखनऊ मंडल के 5336 तथा इज्जतनगर मंडल 3226 रेलकर्मी शामिल हैं। इनके अलावा 5647 रेलकर्मियों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है। उन्होंने छोटे स्टेशनों व रेल लाइनों पर कार्य करने वाले रेलकर्मियों को जो अस्पताल या कैंप नहीं पहुंच सकते, उनके लिए वैक्सीन एक्सप्रेस चलाकर टीका लगाने के लिए निर्देशित किया है।  उन्होंने टीकाकरण के लिए रेलकर्मियों को प्रोत्साहित करने तथा अस्पतालों में संक्रमितों का समुचित इलाज के लिए आवश्यक निर्देश जारी किया।

कारखानों में एक शिफ्ट में सिर्फ 50 फीसद रेलकर्मी ही करेंगे काम

बढ़ते संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे प्रशासन ने कारखानों, डिपो और विभागों में रोस्टर व्यवस्था लागू कर दी है। विभागों के प्रमुख अपने हिसाब से रोस्टर व्यवस्था लागू कर सकते हैं। फिलहाल, यांत्रिक कारखाना, स्टोर डिपो और सिग्नल कारखाना ने यह सिस्टम लागू कर दिया है। अब यहां एक शिफ्ट में सिर्फ 50 फीसद कर्मचारी ही ड्यूटी पर बुलाए जाएंगे। इसके अलावा कुछ अन्य विभागों में भी रोस्टर व्यवस्था लागू कर दी गई है। पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ और एनई रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारी पिछले कई दिनों से कारखानों और डिपो में रोस्टर व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे थे।

7661 लोगों को लगाया गया कोरोना का टीका

कोविड टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को 31 बूथों पर 7661 लोगों को टीका लगाया गया। 18 से अधिक उम्र वालों की संख्या 3253 थी। 45 पार 4408 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसमें 3708 को पहली व 700 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। बूथों पर उत्साह का माहौल था। टीकाकरण सुबह 10 बजे शुरू हुआ। हर बूथ के गेट पर सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। परिचय पत्र देखकर अंदर प्रवेश दे रहे थे। वहां सत्यापन के बाद टीका लगाया गया। टीका लगाने के बाद लोगों को 30 मिनट आब्जर्वेशन कक्ष में बैठाया गया। शाम तक किसी की तबीयत खराब नहीं हुई। हालांकि पोर्टल पर बूथों की संख्या 131 दिखा रहा था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने इसके बारे में अनभिज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं मालूम कि पोर्टल पर बूथों की संख्या कैसे बढ़ गई है।

chat bot
आपका साथी