Gorakhpur Panchyat By Election 2021: 54.22 फीसद हुआ मतदान, 14 जून को होगी मतगणना

Gorakhpur Panchyat By Election 2021 गोरखपुर में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के बाद भी रिक्त रह गए पदों पर उपचुनाव के तहत मतगणना संपन्न हो गई। 62643 मतदाताओं में से 33964 यानी 54.22 फीसद ने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया। मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 06:40 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 06:40 AM (IST)
Gorakhpur Panchyat By Election 2021: 54.22 फीसद हुआ मतदान, 14 जून को होगी मतगणना
गोरखपुर में मतदान के लिए लगी लाइन। - जागरण

गोरखपुर, जेएनएन : गोरखपुर में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के बाद भी रिक्त रह गए पदों पर उपचुनाव के तहत मतगणना संपन्न हो गई। जिले में 62643 मतदाताओं में से 33964 यानी 54.22 फीसद ने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया। मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। 14 जून को मतगणना होगी, उसी दिन परिणाम भी आ जाएगा। इसके साथ ही जिले में सभी ग्राम पंचायतों का गठन भी संपन्न होगा।

बनाए गए थे 129 बूथ केंद्र

मतदान के लिए जिले में 129 बूथ बनाए गए थे। यहां ग्राम पंचायत सदस्य के 191, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत प्रधान के छह-छह पदों के लिए वोट डाले गए। ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए जहां वोट डाले जा रहे थे, वहां सुबह से ही भीड़ नजर आई जबकि जहां केवल वार्ड सदस्यों का चुनाव होना था, वहां मतदाता एक-एक कर आते रहे। सरदार नगर एवं भरोहिया ब्लाक में सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो जाने के कारण मतदान की नौबत नहीं आई। सरदार नगर के बरईपार ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर भी निर्विरोध निर्वाचन हो गया। 18 ब्लाकों में ही वोट डाले गए। क्षेत्र पंचायत के नौ पद रिक्त थे, इनमें से दो पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ था तो पिपरौली ब्लाक के वार्ड नंबर 52 का मतदान निरस्त कर दिया गया था, जिसके कारण केवल छह पद पर ही मतदान हुआ।

कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच हुआ मिश्रौलिया में मतदान

पिपरौली ब्लाक के ग्राम पंचायत मिश्रौलिया में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच मतदान संपन्न हुआ। सामान्य निर्वाचन में प्रधान पद के प्रत्याशी रहे गिलगिल दुबे को मतदान से पूर्व गोली मार दी गई थी। मतदान के बाद उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मतगणना में उन्हें विजयी घोषित किया गया था। इस बार किसी प्रकार की हिंसा को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम थे। जिले में बूथों पर बारिश के कारण कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ था। मतदान के बाद देर रात तक मतपेटिका ब्लाक मुख्यालयों पर जमा करायी गई। सहायक निर्वाचन अधिकारी जेएन मौर्य ने बताया कि सभी बूथों पर चुनाव संपन्न हो गया। मतपेटिका जमा करा ली गई है। 14 जून को मतगणना होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि परिणाम आने के बाद जैसे ही शासन का निर्देश मिलेगा, पंचायतों का गठन करा लिया जाएगा।

इस ब्लाक में इतना हुआ मतदान

ब्लाक मतदान फीसद

भटहट 57.64

उरुवा 42.25

ब्रम्हपुर 62.5

जंगल कौड़‍िया 54.51

पिपराइच 66.76

गगहा 52.05

पाली 56.31

कैंपियरगंज 69.82

चरगांवा 55.05

गोला 59.64

बड़हलगंज 55.44

खोराबार 56.98

बेलघाट 51.79

सहजनवां 65.42

पिपरौली 60.34

खजनी 44.56

बांसगांव 52.10

कौड़ीराम 60.14

कुल :    54.22

पिपरौली ब्लाक के वार्ड 52 में मतदान 22 को होगा मतदान

पिपरौली ब्लाक के क्षेत्र पंचायत वार्ड 52 में उपचुनाव को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत के. विजयेंद्र पाण्डियन ने बताया कि वार्ड संख्या 52 में मतदान निरस्त कर दिया गया था। अब यहां उपचुनाव के लिए 16 जून को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक नामांकन किया जा सकता है। 16 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 17 जून को नाम वापस लिया जा सकेगा। इसी दिन तीन बजे के बाद प्रतीक चिन्ह आवंटन होगा। जरूरत पड़ने पर 22 जून को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 24 जून को मतगणना होगी।

chat bot
आपका साथी