UP Lok Sabha Election Results 2019 : 19 फीसद तक बढ़े भाजपा के वोट, कहीं लड़ाई में भी नहीं दिखा गठबंधन

Lok sabha Election Result 2019 गोरखपुर-बस्ती की नौ सीटों पर भाजपा को मिले बंपर वोट इस बात की गवाही है कि जनता ने जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर अपनी पसंदीदा सरकार चुनी है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 10:48 AM (IST) Updated:Mon, 27 May 2019 09:47 AM (IST)
UP Lok Sabha Election Results 2019 : 19 फीसद तक बढ़े भाजपा के वोट, कहीं लड़ाई में भी नहीं दिखा गठबंधन
UP Lok Sabha Election Results 2019 : 19 फीसद तक बढ़े भाजपा के वोट, कहीं लड़ाई में भी नहीं दिखा गठबंधन

गोरखपुर, जेएनएन। मोदी ने पांच साल में विकास का जो खाका खींचा था, योगी ने दो साल में ही निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ उसे समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचा दिया। मुख्यमंत्री की कर्मठता का प्रतिफल पूर्वांचल की जनता ने वोटों के रूप में लौटाया है। गोरखपुर-बस्ती की नौ सीटों पर भाजपा को मिले बंपर वोट इस बात की गवाही है कि जनता ने जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर अपनी पसंदीदा सरकार चुनी है। डुमरियागंज, कुशीनगर और महराजगंज में तो भाजपा के वोट शेयर में भारी बढ़ोतरी हुई।

गोरखपुर मंडल की गोरखपुर संसदीय सीट की बात करें तो पिछले चुनाव में योगी आदित्यनाथ खुद प्रत्याशी थे जबकि इस बार उन्होंने रवि किशन शुक्ला को अपना प्रतिनिधि बनाकर मैदान में उतारा था। योगी के अश्वमेघ का घोड़ा मैदान में इतनी तेज दौड़ा कि पिछले आम चुनाव के मुकाबले उसने नौ फीसद अधिक वोट प्राप्त कर लिए। कमोबेश यही स्थिति बांसगांव की भी रही। जीत की हैट्रिक लगाने वाले कमलेश पासवान ने भी इस सीट पर भाजपा के मतों में नौ फीसद से अधिक का इजाफा किया है। देवरिया से कलराज मिश्र की जगह मैदान में उतरे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी की सीट पर भी भाजपा का प्रदर्शन अच्‍छा रहा, इस सीट पर भाजपा के वोट शेयर 51 से बढ़कर 57 फीसद हो गया। सलेमपुर में भाजपा के वोट शेयर में पांच फीसद की बढ़ोतरी हुई है।

महराजगंज सीट पर भाजपा के मतदाताओं की संख्या में जबरदस्त उछाल आया है। यहां से पंकज चौधरी को पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार 15 फीसद अधिक वोट प्राप्त हुए हैं। कुशीनगर सीट की स्थिति महराजगंज से भी बेहतर रही। पार्टी ने यहां से विजय दुबे को प्रत्याशी बनाया तो उसके वोट शेयर में 18 फीसद का इजाफा हो गया। वोट में बढ़ोतरी की यह स्थिति बस्ती मंडल में भी जारी रही। डुमरियागंज में जगदंबिका पाल ने न केवल जीत की हैट्रिक लगाई बल्कि भाजपा के वोट शेयर में भी 19 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की। बस्ती में भाजपा के मतदाताओं की संख्या में 11 फीसद जबकि संतकबीरनगर में नौ फीसद का इजाफा हुआ।  भाजपा के वोटों में इस बढ़ोतरी ने सपा-बसपा का वोट बैंक कहे जाने वाले जातिगत समीकरण को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। भाजपा को मिली भारी जीत ने साबित कर दिया है कि भाजपा की विकासपरक योजनाओं का लाभ हर तबके और हर वर्ग को मिला है।

गोरखपुर लोकसभा सीट

दल       2014    2019

भाजपा    51.8     60.54 

सपा      21.7     35.08

बसपा    16.9      ---

कांग्रेस    04.3    1.93

बांसगांव लोकसभा सीट

दल      2014      2019

भाजपा    47.6     56.39

बसपा    26.0      40.59

सपा      15.2     ----

कांग्रेस     05.7   ----

(सभी आंकड़े प्रतिशत में)

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी