गोरखपुर में 17 लोग पहली बार लेंगे प्रमुखी की शपथ, जानें-किसे दूसरी और तीसरी बार मिला है मौका

जंगल कौडिय़ा के प्रमुख बृजेश यादव इस बार शपथ लेने की हैट्रिक लगाएंगे। सरदारनगर ब्लाक की प्रमुख चुनी गईं शशिकला यादव लगातार दूसरी बार शपथ लेंगी। कौड़ीराम की ब्लाक प्रमुख बनीं नीता सिंंह की भी यह दूसरी पारी है।

By Satish Chand ShuklaEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 09:30 PM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 09:30 PM (IST)
गोरखपुर में 17 लोग पहली बार लेंगे प्रमुखी की शपथ, जानें-किसे दूसरी और तीसरी बार मिला है मौका
ब्‍लाक प्रमुख में शपथ लेने वालों का प्रतीकात्‍मक फाइल फोटो, जेएनएन।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। जिले में नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुखों का शपथ ग्रहण समारोह 20 जुलाई को ब्लाक मुख्यालयों पर आयोजित किया जाएगा। शपथ लेने वाले 20 नेताओं में से एक हैट्रिक बनाएंगे जबकि दो प्रमुख दूसरी बार शपथ लेने जा रहे हैं। दूसरी बार शपथ लेने वाली दोनों महिलाएं हैं। शपथ ग्रहण की तैयारी कर रहे 17 चेहरे पूरी तरह से नए हैं। ये पहली बार प्रमुख बनने में कामयाब रहे।

ये लेंगे शपथ

जंगल कौडिय़ा के प्रमुख बृजेश यादव इस बार शपथ लेने की हैट्रिक लगाएंगे। उनकी अबतक की तीसरी जबकि लगातार दूसरी जीत है। वह पहली बार 2005 में प्रमुख बने थे। उसके बाद 2015 के चुनाव में दोबारा ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुए। सरदारनगर ब्लाक की प्रमुख चुनी गईं शशिकला यादव लगातार दूसरी बार शपथ लेंगी। कौड़ीराम की ब्लाक प्रमुख बनीं नीता सिंंह की भी यह दूसरी पारी है, इससे पहले नीता 2005 में ब्लाक प्रमुख पद की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। नीता गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह की पत्नी हैं। उनके परिवार का कौड़ीराम ब्लाक पर लंबे समय से दबदबा है। इन तीन के अलावा अन्य ब्लाकों में प्रमुख की जिम्मेदारी पाने वाले चेहरे नए हैं।

पहली बार मिला ब्‍लाक प्रमुखी बनने का मौका

पहली बार प्रमुख पद की शपथ लेने वाले नेताओं में से नौ महिलाएं हैं। कैंपियरगंज के ब्लाक प्रमुख चुने गए अश्विनी जायसवाल के लिए शपथ लेने का यह पहला मौका होगा। खजनी से अंशु सिंह, खोराबार के शिव प्रसाद जायसवाल, गगहा के शिवाजी चंद, गोला की कुसमावती देवी, चरगांवा की वंदना सिंह भी पहली बार प्रमुख चुनी गई हैं। पाली के शशि प्रताप सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह के पुत्र हैं और पहली सबसे कम उम्र में प्रमुख बने हैं। पिपराइच के जनार्दन जायसवाल, पिपरौली के दिलीप कुमार यादव, ब्रह्मपुर की सुमन यादव का भी यह पहला मौका होगा। बांसगांव की ब्लाक प्रमुख लालमति देवी, भटहट की रेखा सिंह प्रमुख के रूप में यह पहली पारी है। नवसृजित ब्लाक भरोहिया की पहली प्रमुख बनने का रिकार्ड डा. सुनीता सिंह ने अपने नाम किया है। सहजनवां में कंवलदीप चौहान तो बेलघाट में पूजा सिंह के सिर ताज सजा है। बड़हलगंज में रामाशीष राय व उरुवा में प्रभावती देवी भी पहली बार शपथ लेंगी।

chat bot
आपका साथी