CBSE Result 2021 : 12वीं का रिजल्ट घोषित, बेटियों ने मारी बाजी, शत प्रतिशत बना रिजल्‍ट

CBSE Reasult 2021 केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने छात्रों के रोल नंबर जारी करने के दूसरे दिन शुक्रवार को 12वीं का परिणाम घोषित कर दिया। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक कक्षा बारहवीं का परिणाम दोपहर दो बजे घोषित किया गया।

By Rahul SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 03:47 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 03:58 PM (IST)
CBSE Result 2021 : 12वीं का रिजल्ट घोषित, बेटियों ने मारी बाजी, शत प्रतिशत बना रिजल्‍ट
सीबीएसई ने घोषित किए 12वीं के रिजल्‍ट। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने छात्रों के रोल नंबर जारी करने के दूसरे दिन शुक्रवार को 12वीं का परिणाम घोषित कर दिया। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक कक्षा बारहवीं का परिणाम दोपहर दो बजे घोषित किया गया। इस बार लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। 12वीं का रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in या cbse.gov.in पर देखा जा सकता है। इस साल जनपद में सीबीएसई 12वीं परीक्षा के लिए करीब 10 हजार विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।

शत प्रतिशत बना है इस बार रिजल्‍ट

जनपद में इस बार रिजल्ट शत-प्रतिशत बना है। हालांकि बोर्ड ने जिले के लगभग आधा दर्जन स्कूलों का रिजल्ट तकनीकी कारणों व दसवीं का अंकपत्र नहीं रहने के कारण रोक दिया है। इनके आगे आरएल (रिजल्ट लेटर) लिखकर रोक दिया है। बोर्ड ने इन छात्रों को आश्वस्त किया है कि ऐसे छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। इनका परिणाम बाद में घोषित किया जाएगा।

स्कूल से गायब रहने वाले विद्यार्थी नहीं हुए प्रमोट

सीबीएसई ने रिजल्ट से पहले स्कूलों को सूचित कर दिया था कि आनलाइन क्लास में शामिल नहीं होने वाले या प्री-बोर्ड और छमाही परीक्षा से गायब होने वाले छात्रों को अनुपस्थित माना जाएगा। बोर्ड ने स्कूलवार ऐसे छात्रों की सूची भी मंगा ली थी, ताकि उसके अनुसार 12वीं का परिणाम घोषित की जा सके। घोषित परिणाम में स्कूलों द्वारा दी गई छात्रों की सूची के आधार पर ही बोर्ड ने परिणाम घोषित किया है।

इस फार्मूले पर बना है रिजल्ट

12वीं का रिजल्ट तैयार करने के लिए बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन का फार्मूला तैयार किया था। इसके तहत छात्रों को 12वीं कक्षा के यूनिट टेस्ट, मिड टर्म और प्री-बोर्ड परीक्षा की परफारमेंस के आधार पर अंक दिए गए हैं। इसका वेटेज 40 फीसद है। इसी प्रकार 11वीं कक्षा के फाइनल परीक्षा में सभी विषयों के थ्योरी पेपर के प्रदर्शन के आधार पर अंक मिला है। इसका वेटेज 30 फीसद है। इसी तरह दसवीं के प्रमुख पांच विषयों में से तीन विषयों के थ्योरी पेपर के प्रदर्शन के आधार पर अंक दिया गया। पांच में से तीन विषय वे होंगे, जिनमें छात्रों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा होगा। इसका वेटेज भी 30 फीसद है।

तकनीकी व अन्‍य कारणों से आधा दर्जन स्‍कूलों का रोका गया रिजल्‍ट

सीबीएसई के जिला समन्वयक अजीत दीक्षित ने कहा कि सीबीएसई ने निर्धारित समय पर दोपहर दो बजे 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। जिले के आधा दर्जन स्कूलों का तकनीकी व अन्य कारणों से बोर्ड ने फिलहाल रोक दिया है। इनका परिणाम बाद में घोषित होगा। इस बार छात्रों के मुकाबले छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा है।

chat bot
आपका साथी