Amrit Mahotsav: एनईआर के 24 रेलवे स्टेशनों पर लहराएगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा

आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्र आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्र में पडऩे वाले 24 जिला मुख्यालय स्टेशनों पर भी 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लहराएगा। कुछ स्टेशनों पर झंडा लग गया है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 02:35 PM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 02:35 PM (IST)
Amrit Mahotsav: एनईआर के 24 रेलवे स्टेशनों पर लहराएगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा
पूर्वोत्तर रेलवे के 24 जिला मुख्यालय स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लहराया जाएगा।- प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्र में पडऩे वाले 24 जिला मुख्यालय स्टेशनों पर भी 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा लहराएगा। कुछ स्टेशनों पर झंडा लग गया है। कुछ पर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। मुख्यालय गोरखपुर, छपरा जंक्शन और बनारस स्टेशन पर पहले से ही राष्ट्रीय झंडा शान से लहरा रहा है।

दरअसल, आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्र आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। महोत्सव के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन भी स्वतंत्रता दिवस को खास बनाने की तैयारी में जुट गया है। इसीक्रम में स्टेशनों पर तिरंगा झंडा लहराने की योजना भी तेज हो गई है। रेल मंत्रालय के निर्देश पर भारतीय रेलवे के 75 प्रमुख स्टेशनों पर झंडा लहराने का निर्णय लिया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार स‍िंह के अनुसार अमृत महोत्सव के तहत पूर्वोत्तर रेलवे में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के अंतर्गत देश के महापुरुषों की पेट‍िंग प्रतियोगिता, देशभक्ति पर आधारित क्विज प्रतियोगिता, देश भक्ति गान आदि कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। स्टेशनों पर आजादी के तराने गूंजेंगे।

डिस्प्ले बोर्ड पर देशभक्ति गीत चलेंगे

डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेनों की टाइम‍िंग के साथ देशभक्ति से संबंधित गीत और गाने चलते रहेंगे। तिरंगे पर आधारित अतिरिक्त लाइट शो सिस्टम लगाए जाएंगे। रेलवे के सहेजे गए विरासतों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि गोरखपुर जंक्शन के फस्र्ट क्लास गेट पर 14 अगस्त से खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआइसी) प्रदर्शनी भी लगाएगा। प्रदर्शनी में आयोग से प्रमाणित स्वयंसेवी संस्थाओं में तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही सामग्रियों की बिक्री कर लोगों को इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। 75 घंटे तक चलने वाली इस प्रदर्शनी के लिए स्थल चिन्हित कर लिया गया है।

इन जिला मुख्यालय स्टेशनों पर लहराया तिरंगा

बलिया, सिवान, वाराणसी सिटी, आजमगढ़, गाजीपुर सिटी, पडरौना, गोपालगंज और इज्जतनगर।

इन जिला मुख्यालय स्टेशनों पर चल रही तैयारी

देवरिया, मऊ, प्रयागराज, फर्रुखाबाद, पीलीभीत, हल्द्वानी, बदायूं, कन्नौज और रुद्रपुर सिटी।

इन जिला मुख्यालय स्टेशनों पर भी लहराएगा तिरंगा

बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, सीतापुर और बहराइच।

chat bot
आपका साथी