जनता की नब्ज टटोलने अब गांव-गांव जाएगी सरकार

धनंजय तिवारी गोंडा सियासी जमीन तैयार करने को लेकर भाजपा ने कवायद शुरू कर दी है। जिले

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 10:40 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 10:40 PM (IST)
जनता की नब्ज टटोलने अब गांव-गांव जाएगी सरकार
जनता की नब्ज टटोलने अब गांव-गांव जाएगी सरकार

धनंजय तिवारी, गोंडा : सियासी जमीन तैयार करने को लेकर भाजपा ने कवायद शुरू कर दी है। जिले के प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में भाजपाइयों का ब्लॉकवार प्रवास होगा। बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक पदाधिकारियों से क्षेत्र का फीडबैक लिया जाएगा। जन समस्याएं सुनी जाएंगी। उसके निस्तारण का खाका तैयार किया जाएगा। माना जा रहा कि इसी दौरान क्षेत्र के विधायकों का रिपोर्ट कार्ड भी तैयार होगा। बीते चार वर्षों में भाजपा सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुंचा या नहीं। इसके साथ ही आम जनता को इन योजनाओं की जानकारी भी हो पाई या नहीं। इस सबकी जमीनी हकीकत जानने के लिए भाजपा ने प्लान तैयार किया है। इसके तहत जिले के प्रभारी मंत्री, पार्टी जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी व विधायक की मौजूदगी में ब्लॉकवार प्रवास कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ व मंडल स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उनसे योजनाओं के संचालन के साथ ही इसका लाभ पात्रों को मिला या नहीं मिला इसकी तहकीकात करेंगे। इतना ही नहीं, बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को और मजबूत करने का खाका तैयार करेंगे। रूठों को मनाने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का भी कार्य करेंगे। माना जा रहा है कि मिशन 2022 में पार्टी की शत प्रतिशत विजय को लेकर अभी से कार्यक्रमों का दौर शुरू हो गया है। संगठन के जिला प्रभारी की मौजूदगी में विधान सभावार मंडल समीक्षा बैठक शुरू हो गई। चर्चा है कि ब्लॉकवार बैठकों के दौर में क्षेत्रीय विधायक का रिपोर्ट कार्ड भी सामने आ जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी ने बताया कि जल्द ही जिले के प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में ब्लॉक स्तरीय प्रवास व बैठक कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी। कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण का प्रयास होगा। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।

chat bot
आपका साथी