महिलाओं के हुनर का कमाल, मुख्यमंत्री जी हो गए निहाल

गोंडा महिलाओं के बनाए गए उत्पाद का किया निरीक्षण बढ़ाया हौसला।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 11:08 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 11:08 PM (IST)
महिलाओं के हुनर का कमाल, मुख्यमंत्री जी हो गए निहाल
महिलाओं के हुनर का कमाल, मुख्यमंत्री जी हो गए निहाल

वरुण यादव, गोंडा : कोई जंगल में लकड़ी बीनकर गुजारा करता था तो कोई घर की दहलीज से पैर बाहर रखने के बारे में सोचने से भी घबराता था। गरीबी की जंजीरों में जकड़ी महिलाओं के लिए सरकार की मुहिम एक वरदान बन गई। वनटांगिया गांव की महिलाएं अब सीआइबी (सिटीजन इंफारमेशन बोर्ड) व नर्सरी उत्पादन करती हैं। जबकि, स्वरोजगार से जुड़ने वाली ऊषा अचार बेच रही हैं। शबीना बानों का बनाया हुआ मसाला अब रसोई का जायका बढ़ा रहा है। बुधवार को जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हुनर को देखकर दंग रह गए। उन्होंने न सिर्फ उनके परिश्रम से भरे सफर की जानकारी ली बल्कि, अभिभावक की तरह हमेशा मदद का भरोसा भी दिलाया। किसी ने घर की बंदिशों को तोड़ा तो किसी ने हमसफर के साथ छोड़ने पर फिर से संभलकर चलना सीखा। स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं की कामयाबी दूसरों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बन गई है।

-----------

उत्पाद खुद तैयार करती हो, कितनी होती है कमाई

- दोपहर के करीब डेढ़ बज रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिसर में प्रवेश द्वार पर दाएं तरफ से स्टाल लगे हुए थे। पहला स्टाल राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी यासमीन का लगा हुआ था। मुख्यमंत्री ने पहले कपड़े देख और पूछा ये तुम्ही बनाती हो। जवाब- हां मिला तो वह मुस्कुराए। एक अफसर ने यासमीन के सफर की कहानी सुनाई तो उन्होंने हौसला बढ़ाया। दूसरे स्टाल पर चप्पल व फिनाइल के स्टाल पर रुके और पल्लवी से पूछा ये कौन बनाता है, फायदा हो रहा है या नहीं। पल्लवी ने बताया कि उनके साथ दस और महिलाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि खूब कमाओ और तरक्की करे। तीसरे स्टाल पर अचार के उत्पाद रखे हुए थे। ऊषा तिवारी का सीएम ने हौसला बढ़ाया।

--------------

खुल गया कामयाबी का रास्ता

- छपिया ब्लाक के वनटांगिया गांव को तीन वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री ने राजस्व ग्राम का दर्जा दिया था। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित जय मां दुर्गा स्वयं सहायता समूह की कोषाध्यक्ष जोहना देवी का कहना था कि महाराज आपने वनवासी का दाग हटा दिया। अब हम कमाई कर रहे हैं। मंजू देवी ने कहा कि अब हम महिलाएं मिलकर सूचना बोर्ड व नर्सरी का कार्य कर रहे हैं। प्रत्येक वर्ष का कारोबार करीब छह लाख रुपये हो गया है। मुख्यमंत्री ने वनटांगिया गांव की महिलाओं को 2.25 लाख रुपये का चेक दिया।

chat bot
आपका साथी