पत्नी की साड़ी का फंदा बना युवक ने दी जान

जागरण संवाददाता रेवतीपुर (गाजीपुर) सुहवल थाना क्षेत्र के पटकनियां गांव में शुक्रवार की देर रात संदीप ने पत्‍‌नी की साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 09:17 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 09:17 PM (IST)
पत्नी की साड़ी का फंदा बना युवक ने दी जान
पत्नी की साड़ी का फंदा बना युवक ने दी जान

जागरण संवाददाता, रेवतीपुर (गाजीपुर) : सुहवल थाना क्षेत्र के पटकनियां गांव में शुक्रवार की देर रात संदीप सिंह (25) ने अपने कमरे में पंखे के हुक से पत्नी की साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजे को तोड़ युवक के शव को फंदे से नीचे उतारा।

बीते शुक्रवार को मृतक की दादी की तेरही थी। गांव व स्वजनों को भोजन कराने के बाद युवक अपने कमरे में सोने चला गया। उसकी पत्नी दूसरे कमरे में सोने चली गई। युवक ने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था। भोर में लोगों ने देखा तो वह साड़ी के सहारे झूल रहा था। युवक की शादी आठ माह पहले ही हुई थी। पत्नी अभिलाषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई कुलदीप अभी पढ़ता है। पिता सत्येंद्र सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। संदीप दिल्ली में किसी निजी कंपनी में काम करता था, चुनाव से पहले गांव आया था। घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि स्वजनों द्वारा सूचना मिली थी। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

-------------------

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मुकदमा

शादियाबाद (गाजीपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने शुक्रवार की रात खानपुर थाना क्षेत्र के एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि युवक उसे बहला-फुसलाकर व शादी करने की बात कहकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। अब युवक शादी करने से इंकार कर रहा है। थाना प्रभारी शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मेडिकल के लिए युवती को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपित युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है।

---

ताड़ीबाजों और पुलिस में झड़प

नंदगंज (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र के ढ़ेलवां गांव में शनिवार को ताड़ीबाजों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। मामले में एक दर्जन ज्ञात और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय थाने के दो सिपाही धीरज राव व सचिन गश्त पर निकले थे। तभी सूचना मिली कि ढेलवा गांव में अवैध ताड़ी बेची जा रही है। दोनों सिपाहियों द्वारा मना करने पर ताड़ी पीने वाले उलझ गए और हाथापाई करने लगे। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि अवैध ताड़ी का कारोबार करने वालो को पुलिस रोकने गई थी। जहां पुलिस वालों के साथ हाथापाई की गई। एक दर्जन ज्ञात और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---

शादी समारोह में बाइक चोरी

करंडा (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र के खिदिरपुर गांव में शुक्रवार की रात वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मलित होने आए सोनहरिया निवासी आनंद कुमार दुबे की बाइक चोरी हो गई। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनंद कुमार दुबे व विनय दुबे खिदिरपुर प्रदीप कुमार सिंह के यहां आए थे। बाइक को लाक करके बाहर खड़ा कर दिए। निमंत्रण करने के बाद बाहर आए तो बाइक न देखकर भौचक्क रह गए। काफी खोजबीन के बाद बाइक नहीं मिली। घटना की तहरीर शनिवार की सुबह थाने में दे दी गई है।

chat bot
आपका साथी