दीपों से रोशन हुए लहुरीकाशी के घाट

देव दीपावली पर दीपों की रोशनी से इठलाते लहुरीकाशी के गंगा घ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Nov 2021 07:51 PM (IST) Updated:Fri, 19 Nov 2021 07:51 PM (IST)
दीपों से रोशन हुए लहुरीकाशी के घाट
दीपों से रोशन हुए लहुरीकाशी के घाट

जागरण संवाददाता, गाजीपुर : देव दीपावली पर दीपों की रोशनी से इठलाते लहुरीकाशी के गंगा घाट और लहरों में तरंगित उनकी आभा अद्भुत और अलौकिक रूप से प्रतिबिबित हो रही थीं। जागरण के अभियान ने इसे और भव्यता प्रदान की। असंख्य दीपों की कतार की छटा से आसमां के तारे भी मानों सकुचा रहे हों। आस्था के बीच न सिर्फ घाटों पर जमघट रही बल्कि लोग इस नजारे को कैद करने के लिए व्यग्र रहे। सेल्फी का दौर चला तो सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस रही।

नगर समेत ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार को धूमधाम से देव दीपावली पर्व मनाया गया। नगर स्थित कलेक्ट्रेट घाट, सैदपुर बूढ़ेनाथ महादेव घाट, औड़िहार के बराह घाट, गौरी स्थित पर्णकुटि, चोचकपुर स्थित मौनी बाबा धाम, गहमर के नरवाघाट आदि स्थानों पर दैनिक जागरण से प्रेरित होकर विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने आकर्षक सजावट कर हजारों दीप जलाए। मां गंगा सेवा समिति की ओर करीब तीन हजार दीपों की अलौकिक छटा हर किसी को मोहित कर रही थी। दीपों की संख्या पिछले वर्ष से काफी ज्यादा थी। इसके अलावा अन्य गंगा घाटों, गांवों में स्थित तालाबों के किनारे व मंदिरों पर दीये जलाए गए। श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दीप जलाने में सहयोग किया। युवतियों व युवाओं की मंडली कई ग्रुपों में बंटकर सेल्फी ले रही थी। उत्साह, उमंग के बीच अद्भुत थी दीपों की रोशनी

सैदपुर : मां गंगा सेवा संघ द्वारा अध्यक्ष दिनेश कुशवाहा के नेतृत्व में घाट की सीढि़यों पर विभिन्न आकार की रंगोलियां सदस्यों द्वारा ही बनाई गई थी। घाट के कच्चे हिस्से में विभिन्न प्रकार के जानवर आदि का आकार बनाने के साथ ही कुंड बनाया गया था, जो लोगों को आकर्षित कर रहा था। गंगा तट से लगायत मंदिर तक सभी सीढि़यों पर हजारों दीपक जलाए गए। बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर को भी फूल-मालाओं से भव्य तरीके से सजाया गया था। मंदिर परिसर को झालर मोतियों से सजाया गया था। श्रद्धालु देर रात दीयों को गंगा में प्रवाहित कर मन्नतें कर रहे थे। साथ ही मंदिर में दर्शन-पूजन कर रहे थे। पक्का घाट, संगत घाट, महावीर घाट, रामघाट, रंगमहल घाट, सिद्धेश्वर महादेव व औड़िहार स्थित बराह रूप घाट को दीयों से सजाया गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल तेजबहादुर सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक घनानंद त्रिपाठी, कस्बा चौकी इंचार्ज देवेंद्र बहादुर सिंह आदि हमराहियों के साथ चक्रमण कर रहे थे।

---

देवालयों में भी खूब जले दीपक

सादात : कार्तिक पूर्णिमा देव दीपावली का पर्व नगर सहित ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया। कई जगहों पर देवालयों को सजाया गया था। नगर के टाउन एरिया कार्यालय के बगल में स्थित मां काली मंदिर सहित अन्य सभी देवालयों पर लोगों ने दीप प्रज्वलित किया। काली मंदिर पर आकर्षक हजारों दीपक से प्रज्वलित की गई थी। सुनील बरनवाल, गोलू मद्धेशिया, संजय गुप्ता, आंनद, विक्की, राकेश आदि थे। जगमग रहे घाट व मंदिर, रही भीड़

: कार्तिक पूर्णिमा पर नगर स्थित बूढ़ेनाथ महादेव घाट, पक्का घाट व रंगमहल घाट के अलावा औड़िहार स्थित बराह रूप घाट पर गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद दान-पुण्य किया। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान चक्रमण करते रहे। सिधौना : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के औड़िहार स्थित बाराह घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली पर्व के अवसर पर क्षेत्र के औड़िहार स्थित आदित्य बिड़ला घाट पर सुबह से ही स्नान करने वालों की भीड़ होने लगी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा में स्नान करने बहुत महत्व होता है। पुजारी रामनारायण ने बताया कि गंगा में स्नान करने का बहुत पुण्य होता है। वहीं माँ लक्ष्मी तथा भगवान विष्णु के आराधना का भी फल मिलता है। घाट पर सबसे अधिक महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही। औड़िहार घाट पर दूर दराज के दर्जनों गांवों के लोगों ने स्नान ध्यान पूजन अर्चन किया तथा दान पुण्य भी किया। 51 हजार दीपों की रोशनी में नहाया सोमेश्वर महादेव मंदिर

मुहम्मदाबाद : कार्तिक पूर्णिमा के मौके नगर से सटे सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दीप महोत्सव का आयोजन किया गया। पंडित अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में आयोजित महोत्सव में 51 हजार दीपों से परिसर पूरी तरह से सजाया गया। मंदिर परिसर में जगह-जगह रंगोली बनाकर दीपों से सजाया गया। देश का नक्शा बनाकर दीपों से सजाया गया। 11 हजार दीपों का मनाया गया महोत्सव

करंडा : देव दीपावली के शुभ अवसर पर चोचकपुर स्थित मौनी बाबा धाम के गंगा घाट पर नवयुवक समिति मौनी बाबा धाम के सौजन्य से 11 हजार दीप जलाकर दीप महोत्सव मनाया गया। दीप महोत्सव की शुरुआत काशी से आये पंडित रत्नाकर पांडेय के मंत्रोचार से हुआ।

वहीं स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष डा. देवेश सिंह के आह्वान पर गोविद चौधरी की देखरेख में पुरैना गंगा घाट पर 501 दीप जलाकर घाट को प्रकाश मय कर दिया गया। ओमप्रकाश यादव, रोशन चौधरी, नित्यानंद दुबे, पिटू यादव, शिवा चौधरी सर्वेश आदि लोग मौजूद रहे। उतारी गई मां गंगा की आरती

गहमर : कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली पर गंगा नदी के नरवाघाट और आस-पास के घाट की सीढि़यों को 11 हजार दीयों से भव्य रूप से सजाया गया था। जिससे गंगा घाट की सीढि़यां जगमगा उठीं। गंगा पूजन के बाद गंगा की लहरों के बीच इठलाते अलौकिक छटा बिखेर रहे थे। सैकड़ों ग्रामीण अद्भुत नजारे का गवाह बने। विश्व हिंदू परिषद द्वारा गांव के युवाओं के सहयोग से शुक्रवार शाम को गंगा घाट पर आयोजित इस अद्भुत नजारे को आंखों में समा लेने के लिए सैकड़ों लोग घाट पर जमा हुए। परिषद के जिला मंत्री डां. बुद्धनारायण उपाध्याय ने बताया कि भगवान शिव व मां गंगा से सभी की सुख समृद्धि की प्रार्थना की गई। गंगा स्नान कर किया दर्शन-पूजन

मुहम्मदाबाद : कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर शुक्रवार को गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने पुण्य अर्जित किया। इस मौके पर भोर से ही गंगा तट पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। गंगा स्नान के पश्चात लोगों ने मंदिरों में दर्शन पूजन कर दान दिया। इस दौरान नगर सटे सोमेश्वर महादेव मंदिर पर दर्शन पूजन के लिए काफी भीड़ भाड़ रही। वहीं बच्छलपुर, सेमरा, तिवारीपुर, सुल्तानपुर, गौसपुर गंगा तट गुलजार रहे। रंगोली बनाकर अपनी कला का किया प्रदर्शन

दिलदारनगर : कस्बा स्थित माई जी कुटिया तालाब व परिसर शुक्रवार को 11 हजार दीपों से जगमग हुआ। इस मौके पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। नगर क्षेत्र की 19 टीम ने प्रतिभाग कर विभिन्न रंगोली बनाकर अपने कला का प्रदर्शन किया। आदर्श क्लब की ओर से यह आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर प्रवीण जायसवाल, उमेश वर्मा,अजीत गुप्ता, लक्ष्मन शर्मा, मेराज खान आदि रहे। गंगा आरती में उमड़ी रही आस्था

जमानियां : मां गंगा उत्तरवाहिनी सेवा समिति की ओर से महर्षि ऋषि जमदग्नी ऋषि के बलुआ घाट शुक्रवार को 11 हजार दीपों से जगमग किया गया। इस मौके पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शाम में आयोजित गंगा आरती में लोगों की भीड़ जुटी रही। मुख्य अतिथि सपा नेता मन्नू सिंह ने मां गंगा की आरती उतारी। रंगोली प्रतियोगिता में शामिल छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। समिति के अध्यक्ष कमलचंद बाबा ने कहा कि देव दीपावली के मौके पर घाट पर दीप जलाकर भव्यता दी जाती है।

chat bot
आपका साथी