सुहागिनों ने चलनी से किया चांद का दीदार

जागरण संवाददाता गाजीपुर पति के स्वास्थ्य व दीर्घजीवन के लिए सुहागिनों ने रविवार को करवाचौ

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 08:27 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 08:27 PM (IST)
सुहागिनों ने चलनी से किया चांद का दीदार
सुहागिनों ने चलनी से किया चांद का दीदार

जागरण संवाददाता, गाजीपुर : पति के स्वास्थ्य व दीर्घजीवन के लिए सुहागिनों ने रविवार को करवाचौथ का निर्जला व्रत रखा। शाम ढलने के बाद चंद्रमा का दर्शन कर पति के हाथ से पानी पीकर व्रत का पारण किया। श्रद्धा व उत्साह भरे पर्व की तैयारी में महिलाएं एक दिन पहले से ही जुट गईं थीं। घरों मे उत्सव सरीखा माहौल रहा।

भोर में अल्पाहार लेने के बाद सौभाग्यवती महिलाओं ने व्रत की शुरुआत की। दोपहर से उनके सजने-संवरने का क्रम शुरू हो गया। पूजा घर की सफाई की गई। कुछ ने ब्यूटी पार्लर का भी सहारा लिया। मेंहदी रचाने तथा संवरने के लिए ब्यूटी पार्लर पर महिलाओं की कतार लगी रही। भीड़ की वजह से उन्हें अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ा।

शाम होने के साथ ही चलनी से चांद का दर्शन करने के लिए छतों पर महिलाएं जुट गईं। चंद्र दर्शन के बाद पति के हाथ से पानी पीकर पर्व के व्रत का पारण किया गया। कई इलाकों में सार्वजनिक रूप से भी महिलाओं ने भगवान गणेश, शिव, माता पार्वती व कार्तिकेय का पूजन-अर्चन किया।

खानपुर : महिलाएं मेंहदी और आलता लगाकर 16 श्रृंगार में सजकर दिनभर व्रत रखकर शाम छह बजे से करवामाता का पूजन किया। कथा सुनकर विधि-विधान से पूजन संपन्न किया। मंदिरों में शिव पार्वती का श्रृंगार कर शाम को महिलाएं पूजन करने और कथा सुनने के बाद सास, ननद को बायना दिया और ब्राह्मण को दान किया। महिलाओं ने सहेलियों के साथ एकत्र होकर शाम को चांद का दर्शन किया। रविवार होने के कारण नौकरीपेशा महिलाओं ने भी बहुत आराम से करवाचौथ मनाया। रात नौ बजे के बाद चांद निकला तो महिलाओं ने चंद्रमा को अ‌र्घ्य दिया। पहले चांद फिर पति को छन्नी में देखकर पानी पीकर व्रत खोला।

-----

जमकर खरीदारी भी हुई

: करवा चौथ के मद्देनजर मिठाई व अन्य सामान की दुकानों पर दिनभर खरीदारी का सिलसिला बना रहा। मिश्रबाजार, महुआबाग, लालदरवाजा आदि क्षेत्रों में श्रृंगार प्रसाधन की दुकानों पर लोगों की भीड़ थी। सुबह से बाजारों में मिट्टी और खांड के करवे, करवामाता का कैलेंडर, पूजन सामग्री, फूल माला की बिक्री शुरू हो गई। चूड़ी, बिदी, कास्मेटिक्स, फल की दुकानों पर खरीदारी के लिए भीड़ लग गई। ---

सोशल मीडिया पर रही करवाचौथ की धूम

: सोशल मीडिया पर करवाचौथ की धूम रही। फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर सुबह से ही करवाचौथ की बधाइयों का दौर शुरू हो गया। महिलाओं ने पिक्चर मैसेज और लिखित संदेश भेजकर एक दूसरे को करवाचौथ की शुभकामनाएं दी।

सोशल मीडिया अकाउंट पर मेंहदी रचे हाथों की तस्वीरें पोस्ट की। करवाचौथ की बधाई के संदेश भी साझा किए। शाम को महिलाओं ने सज धज कर अपनी फोटो पोस्ट कर पति के साथ सेल्फी और तस्वीर साझा कर करवाचौथ की बधाई दी। शाम को करवाचौथ माता की पूजा, करवा, पूजा थाली व दीपक की फोटो अपलोड की। चंद्रमा को अ‌र्घ्य देने के बाद पति के साथ सेल्फी खींचकर अपलोड की। पतियों ने भी पत्नियों के लिए प्यार भरे संदेश लिखकर फेसबुक व दूसरे सोशल मीडिया पर शेयर किए।

chat bot
आपका साथी