देश की जीवनरेखा है गंगा नदी : कर्नल अरूण

नेहरू युवा केंद्र एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 08:33 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 08:33 PM (IST)
देश की जीवनरेखा है गंगा नदी : कर्नल अरूण
देश की जीवनरेखा है गंगा नदी : कर्नल अरूण

जागरण संवाददाता, गाजीपुर : नेहरू युवा केंद्र एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को चीतनाथ घाट पर आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत गंगा संरक्षण को लेकर सांस्कृतिक व गंगा आरती का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि नेहरू युवा केंद्र संगठन, युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय के कार्यकारी निदेशक कर्नल अरुण सिंह ने कहा कि मां गंगा केवल नदी नहीं बल्कि भारत की जीवन रेखा है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के दिशा- निर्देशन में नेहरू युवा केंद्र संगठन पूरे देश में 75 लाख किलो प्लास्टिक वेस्ट एकत्रित करने जा रहा है।

गाजीपुर को 18000 किलो का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज यदि अपना सर्वस्व बलिदान देकर देश को आजाद करा सकते हैं तो क्या हम अपने घर के आसपास सफाई कर देश को गंदगी मुक्त नहीं कर सकते हैं। सामाजिक वानिकी वन प्रभाग गाजीपुर के प्रभागीय निदेशक प्रदीप कुमार ने गंगा में हो रहे प्रदूषण से सचेत किया और कहा कि जहां तक संभव हो सके मां गंगा को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। गंगा समग्र की काशी प्रांत की संयोजक एवं समाजसेवी इंद्राणी सिंह ने कहा कि सब्जी या बाजार से अन्य सामान कपड़े के झोले में लाने की पहले की तरह आदत डालें। प्लास्टिक को सड़ने में कम से कम 300 साल लगते हैं। खुशबू वर्मा एवं टीम के द्वारा मां गंगा की दुर्दशा पर प्रस्तुत नाटक लोगों के हृदय को छू गया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति एवं मां गंगा का करुण क्रंदन आज की पीढ़ी के लिए भविष्य का स्पष्ट संदेश दे गया कि अभी भी वक्त है चेत जाइये। प्रसिद्ध भोजपुरी गायक राकेश कुमार, माला सागर एवं अनिल श्रीवास्तव वेदांती के गीतों ने भी सभी को चेत जाने का संदेश दिया। सुबोध कनौजिया एवं टीम द्वारा सभी रिश्तों में सर्वश्रेष्ठ रिश्ता जन्म देने वाली मां के साथ गंगा मां को बताते हुए भाव विह्वल गीत प्रस्तुत कर सभी को आत्म विभोर कर दिया। मां गंगा की आरती से कार्यक्रम का समापन हुआ। इसमें बृजेश श्रीवास्तव डीपीओ, विजय कुमार वर्मा अध्यक्ष व्यापार मंडल, सुनील कुमार सोनी अध्यक्ष नगर मानवाधिकार, अनिल वर्मा सभासद, अर्जुन सेठ वरिष्ठ भाजपा नेता, विजय वर्मा रोटरी क्लब, आदित्य प्रकाश प्रबंधक डीएवी इंटर कालेज, संजय गुप्ता उमंग फाउंडेशन, बावन दास पुरोहित बटेश्वर नाथ मंदिर, राजेश वर्मा अध्यक्ष गंगा सेवा समिति चीतनाथ घाट आदि लोग उपस्थित थे। संचालन नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद, सभी के प्रति आभार नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी कपिल देव एवं समाजसेवी तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारी निर्गुण दास केसरी ने किया।

chat bot
आपका साथी