धान क्रय करने को 34 केंद्रों का मिला प्रस्ताव

कसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए अब तक विभिन्न एजेंसियों।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 06:19 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 06:19 PM (IST)
धान क्रय करने को 34 केंद्रों का मिला प्रस्ताव
धान क्रय करने को 34 केंद्रों का मिला प्रस्ताव

जागरण संवाददाता, गाजीपुर : किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए अब तक विभिन्न एजेंसियों ने खाद्य विपणन विभाग को 34 केंद्रों का प्रस्ताव दिया है। विभाग दो और एजेंसियों के प्रस्ताव की प्रतीक्षा कर रहा है, जिससे केंद्रों की संख्या आठ-दस और बढ़ जाएगी। एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। इसके लिए पहले से ही तैयारी चल रही है। इस बार धान खरीदने के लिए कम एजेंसियां सामने आ रही हैं। इससे विभाग के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है। यदि पर्याप्त केंद्र नहीं खोले गए तो सभी किसानों का धान लेना मुश्किल हो जाएगा।

इस वर्ष धान खरीद के लिए क्रय करने वाली संस्थाओं से केंद्र खोलने के संबंध में प्रस्ताव मांगा गया है। इसके लिए अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व खरीद अधिकारी नामित किए गए हैं। विभाग का कहना है कि शीघ्र ही जिले को पंद्रह सौ गांठ बोरा उपलब्ध हो जाएगा। बीते वर्ष शासन की ओर से जिले को दो लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के 136 क्रय केंद्र खोले गए थे। उस समय निर्धारित अवधि में लक्ष्य से अधिक 220831 एमटी की खरीद की गई थी लेकिन इस बार खरीद एजेंसियों की संख्या कम होने से अधिक धान क्रय केंद्र नहीं खुल पाएंगे। ऐसे में सभी किसानों का धान खरीदना मुश्किल होगा। विभाग कोशिश कर रहा है कि अधिक से अधिक प्रस्ताव आएं और पिछली बार से भी अधिक केंद्र खोले जाएं, ताकि किसानों का धान बेचने में आसानी हो। : अभी तक विभिन्न एजेंसियों के 34 धान क्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव मिला है। दो और एजेंसियों का प्रस्ताव आना है। ऐसा लग रहा है कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार कम क्रय केंद्र खुलेंगे। फिलहाल एक सितंबर से ही किसानों का आनलाइन पंजीकरण शुरू है।

- रतन कुमार शुक्ला, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।

chat bot
आपका साथी