जिम्मेदारों के चेहरे से ही मास्क गायब

जासं गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आरपीएफ क

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 06:39 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 06:39 PM (IST)
जिम्मेदारों के चेहरे से ही मास्क गायब
जिम्मेदारों के चेहरे से ही मास्क गायब

जासं, गाजियाबाद : रेलवे स्टेशन पर कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आरपीएफ के जवानों पर यात्रियों से सख्ती से शारीरिक दूरी व मास्क लगवाने की जिम्मेदारी है। जागरण संवाददाता टीम ने सोमवार को स्टेशन का जायजा लिया तो आरपीएफ के ज्यादातर जवानों ने मास्क नहीं लगा रखा था। कुछ रेलवे कर्मचारी बिना मास्क के स्टेशन पर घूमते हुए नजर आए। वहीं कुछ यात्री बिना मास्क के अपनी जान के दुश्मन बने हुए थे।

लापरवाही के कारण कोरोना संक्रमण में इजाफा हो रहा है। लोकल ट्रेन चलने के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन स्टेशन पर दस हजार से अधिक यात्रियों का आना-जाना हो रहा है। आला अधिकारियों ने आरपीएफ और जीआरपी को यात्रियों से सख्ती से मास्क लगवाने और शारीरिक दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। सोमवार दोपहर 12:20 बजे दैनिक जागरण टीम आरपीएफ थाने पहुंची तो ज्यादातर जवानों ने मास्क नहीं लगाया हुआ था। कार्यालय में मुंशी बिना मास्क लगाए एक व्यक्ति से बहुत नजदीक से बात कर रहे थे। प्लेटफार्म नंबर तीन पर वेटिग रूम के बाहर एक महिला कर्मचारी बिना मास्क लगाए बैठी हुई थी। जब उससे मास्क न लगाने का कारण पूछा गया तो उसने तरह-तरह बहाने बनाने शुरू कर दिए। रेलवे के दो कर्मचारी बिना मास्क लगाए एक दूसरे से मिलकर बैठे हुए बातचीत कर रहे थे। उनसे मास्क न लगाने का कारण पूछा तो उन्होंने सॉरी बोलते हुए जेब से मास्क निकालकर लगा लिया। स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिग व सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं की गई है। जीआरपी ने थाने के बाहर मास्क व सैनिटाइजर व्यवस्था की हुई है। जीआरपी थाने में एक सिपाही को छोड़कर सभी ने मास्क लगाया हुआ था। मास्क लगाने पर मिलता है प्रवेश

स्टेशन पर सिटी व विजय नगर के प्रवेश द्वार पर यात्रियों की चेकिग के लिए आरपीएफ के जवान तैनात रहते हैं। मास्क लगाने पर ही यात्रियों को प्रवेश दिया जाता है। यात्री प्रवेश द्वार पर मास्क लगा लेते हैं, लेकिन प्लेटफार्म पर आते ही मास्क हटा देते हैं। एनाउंसमेंट कर यात्रियों को शारीरिक दूरी व मास्क लगाने के लिए जागरूक किया जाता है, लेकिन फिर भी कुछ यात्री मास्क नहीं लगा रहे हैं।

-----

यात्रियों को मास्क लगाने के लिए जागरूक कर रहा हूं। आरपीएफ के सभी जवान मास्क लगाकर रहते हैं। बिना मास्क के यात्रियों को स्टेशन पर प्रवेश नहीं दिया जाता है।

- पीकेजीए नायडू, थाना प्रभारी, आरपीएफ

-----

कोरोना पर नियंत्रण के लिए थाने पर एक डेस्क बनवा दी है। प्रवेश से पहले फरियादियों से हाथ सैनिटाइज करवाया जाता है और उनसे मास्क लगवाया जाता है।

-अमीराम सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी

chat bot
आपका साथी