मोदीनगर नगरपालिका के सीमा विस्तार का रास्ता हुआ साफ

जागरण संवाददातामोदीनगरबेगमाबाद बुदाना बिसोखर कादराबाद सीकरी कलां सीकरी खुर्द गांवो

By JagranEdited By: Publish:Fri, 08 Jan 2021 06:13 PM (IST) Updated:Fri, 08 Jan 2021 06:13 PM (IST)
मोदीनगर नगरपालिका के सीमा विस्तार का रास्ता हुआ साफ
मोदीनगर नगरपालिका के सीमा विस्तार का रास्ता हुआ साफ

जागरण संवाददाता,मोदीनगर:

बेगमाबाद, बुदाना, बिसोखर, कादराबाद, सीकरी कलां, सीकरी खुर्द गांवों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही ये गांव मोदीनगर नगरपालिका सीमा क्षेत्र में शामिल हो जाएंगे। नगरपालिका के आसपास की वे कालोनियां जो या तो अब से पहले ग्राम पंचायत का हिस्सा थीं या फिर कालोनियों को न तो शहर की योजनाओं का लाभ मिल पा रहा था और न ही ग्राम पंचायत का। उन कालोनियों के लोगों को भी शहर में शामिल कर दिया जाएगा। इसकी पहली अधिसूचना जारी हो चुकी है। शासन स्तर से आपत्तियां मांगी गई हैं। इसके बाद गजट जारी कर दिया जाएगा।

मोदीनगर से सटे गांव बेगमाबाद, बुदाना, बिसोखर, सीकरी कलां, सीकरी खुर्द, कादराबाद में अब तक ग्राम पंचायत का चुनाव होता था। इन गांवों को नगर पालिका में शामिल कराने के लिए लंबे समय से प्रयास चल रहा था। इन गांवों के अधिकांश लोग भी गांव को नगरपालिका में शामिल कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से मांग कर रहे थे। इसमें सबसे ज्यादा समस्या मोदीनगर शहर से सटी रिषभ विहार, सोना एंकलेव, सूरत सिटी, राधाकुंज समेत आदि दर्जनों नई बसी कालोनी में रहने वाले लोगों को उठानी पड़ रही थी। न तो उनको शहर और न ही ग्राम पंचायत की किसी योजना का लाभ मिल पा रहा था। कई कालोनियों में तो रास्ते और पानी निकासी की भी व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब इन गांवों के साथ नई बसी कालोनी के लोगों को भी राहत मिलने की पूरी पूरी उम्मीद है। नगर पालिका सीमा विस्तार की अधिसूचना जारी हो गई है। शासन ने 15 दिन के भीतर इसमें आपत्तियां व सुझाव मांगे थे। आपत्तियों व सुझावों पर विचार करने के बाद गजट जारी हो जाएगा और ये गांव और कालोनियां शहर का हिस्सा हो जाएंगी।

..नहीं होंगे पंचायती चुनाव:

उम्मीद है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह तक राज्यपाल के हस्ताक्षर होने के बाद गजट जारी हो जाएगा और बिसोखर, सीकरी कलां, सीकरी खुर्द, कादराबाद, बेगमाबाद बुदाना समेत गदाना, फफराना और रोरी के आंशिक भागों को नगर पालिका में शामिल करने घोषणा भी हो जाएगी। इसके बाद यहां पहले की तरह ग्राम पंचायत का चुनाव नहीं होगा।

-कई को लगा झटका:

पंचायती चुनाव की तैयारी में लगे लोगों को अधिसूचना जारी होने के बाद से बड़ा झटका लगा है। लगातार उनके स्तर से आपत्तियां दर्ज कराने के लिए हर कोशिश हो रही है। जानकारी मिली है कि चुनाव लड़ने की तैयारी में लगे दो उम्मीदवारों ने ग्राम पंचायत का हिस्सा बने रहने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया था, लेकिन उनको लोगों ने हस्ताक्षर करने से मना करते हुए नगरपालिका में शामिल होने के कदम को बेहतर बताया। उनकी मानें तो नगरपालिका में शामिल होने से इन गांवों में बेहतर विकास होगा। समय पर सफाई समेत तमाम सुविधाएं लोगों को मिलेंगी।

-मुरादनगर सीमा विस्तार भी तय:

मुरादनगर नगरपालिका से सटे गांव और कालोनियां भी जल्द ही नगरपालिका का हिस्सा होंगे। पहली सूची का प्रकाशन होने के बाद वहां भी आपत्तियां और सुझाव शासन स्तर से मांगे गए थे। जानकारी के मुताबिक, मोदीनगर से पहले मुरादनगर का गजट जारी हो जाएगा।

-इनका कहना है:

सीमा विस्तार की प्रक्रिया इस समय अंतिम चरण में है। आपत्ति और सुझाव के लिए शासन स्तर से दो सप्ताह का समय दिया गया था। इसके बाद बेगमाबाद, बुदाना, कादराबाद, सीकरी खुर्द, सीकरी कलां, बिसोखर व रोरी, फफराना, गदाना के आंशिक भाग को नगर पालिका में शामिल कराने के लिए गजट जारी हो जाएगा।

-शिवराज सिंह, ईओ, नगरपालिका, मोदीनगर।

chat bot
आपका साथी