चेयरमैन को भी दोषी बता रहे लोग

जागरण संवाददाता मुरादनगर मुरादनगर नगर पालिका सीमा क्षेत्र में अब तक जितने भी विकास कार्य

By JagranEdited By: Publish:Tue, 05 Jan 2021 07:00 PM (IST) Updated:Tue, 05 Jan 2021 07:00 PM (IST)
चेयरमैन को भी दोषी बता रहे लोग
चेयरमैन को भी दोषी बता रहे लोग

जागरण संवाददाता, मुरादनगर :

मुरादनगर नगर पालिका सीमा क्षेत्र में अब तक जितने भी विकास कार्य हुए, उनका श्रेय चेयरमैन विकास तेवतिया ने लिया। फीता काटने से लेकर शिलान्यास में वे सबसे आगे रहे। काम पूरा हुआ तो विज्ञप्ति जारी कर उसकी खूब वाहवाही लूटी। लेकिन जब निर्माण कार्य घटिया दर्जे का हुआ और उसमें 24 लोगों की जान चली गई तो चेयरमैन ने पूरे मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया।

गाजियाबाद में प्रेसवार्ता कर उन्होंने खुद को निर्दोष करार देते हुए इसका ठीकरा ईओ, जेई, सुपरवाइजर पर फोड़ दिया। ऐसे में चेयरमैन विकास तेवतिया की यह बात लोगों की गले नहीं उतर रही है। लोग पूछ रहे हैं कि विकास कार्यों पर अपने नाम का बोर्ड लगाने वाले नगरपालिका के मुखिया का जिम्मेदारी से यूं भागना कहां तक उचित है। इसमें खास बात यह है कि गाजियाबाद में मौजूद होने के बावजूद वे लोगों के बीच तक नहीं आए। सुबह के वक्त जहां उन्होंने ऑडियो जारी कर खुद के बाहर होने की जानकारी दी। जबकि, उन्होंने दोपहर को गाजियाबाद के होटल में प्रेसवार्ता भी कर दी। ऐसे में लोगों में चेयरमैन के इस रवैये को लेकर भारी रोष दिख रहा है। लोग फेसबुक, वाट्सएप, ट्विटर पर उनसे सवाल पूछ रहे हैं। लोगों का कहना है कि चेयरमैन की अगर मंशा साफ थी तो उनको जनता के बीच आना चाहिए। अपनी सफाई जनता के बीच में देनी चाहिए थी। चेयरमैन होने के नाते उनको देखना चाहिए था कि ठेकेदार ने अंत्येष्टि स्थल में क्या निर्माण कराया है। उसकी गुणवत्ता क्या है। यदि वह मानकों के विपरीत बन रहा था तो उसपर चेयरमैन ने समय रहते आपत्ति क्यों नहीं की। इस बारे में चेयरमैन विकास तेवतिया का कहना है कि लेंटर गिरने में उनका कोई दोष नहीं है। जो भी इसमें दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी