भूमाफिया पर एफआइआर कराएंगे महापौर के पति

शांति नगर के निवासियों को उनके मकान की वर्तमान कीमत दिलाएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 08:30 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 08:30 PM (IST)
भूमाफिया पर एफआइआर कराएंगे महापौर के पति
भूमाफिया पर एफआइआर कराएंगे महापौर के पति

जासं, गाजियाबाद : शांति नगर में नगर निगम द्वारा मकान ध्वस्त करने के मामले में महापौर आशा शर्मा के पति केके शर्मा ने भूमाफिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि वह भूमाफिया के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराएंगे और शांति नगर के निवासियों को उनके मकान की वर्तमान कीमत दिलाएंगे।

राजनगर के आरडीसी में आयोजित प्रेस वार्ता में सोशल चौकीदार संगठन के अध्यक्ष और महापौर के पति केके शर्मा ने कहा कि भूमाफिया खुले घूम रहे हैं। उनको कानून का डर नहीं है। शांति नगर में भूमाफिया ने मोटी रकम में नागरिकों को सरकारी भूमि बेच दी। नागरिकों ने भूमि पर अपने मकान बना लिए। इसमें सरकारी अफसरों की मिलीभगत रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर भूमाफिया की संपत्ति जब्त करने करने की मांग है। इनकी संपत्ति से पीड़ित नागरिकों के नुकसान की भरपाई होनी चाहिए। जब तक मकानों की वर्तमान कीमत उन्हें नहीं मिल जाती है, तब तक वह मकानों को टूटने नहीं देंगे। जिन नागरिकों के मकान टूट गए हैं, उनको भी मकान की वर्तमान कीमत मिलनी चाहिए। केके शर्मा प्रेस वार्ता अपने साथ शांति नगर के उन नागरिकों को भी लाए थे, जिनके नगर निगम ने मकान तोड़ दिए थे। इस दौरान उनके साथ आए एक व्यक्ति ने प्रेस वार्ता में कहा कि वह दलाल है और उसने भी शांति नगर में भूमाफिया की 2013 में भूमि बेचने में मदद की थी, मगर तब उसे जानकारी नहीं थी कि वह सरकारी भूमि है।

chat bot
आपका साथी