बंधक महिलाओं को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर पथराव, सीओ की गाड़ी के शीशे तोड़े

संवाद सहयोगी लोनी लोनी कोतवाली थाना क्षेत्र की अशोक विहार कालोनी में रविवार दोपहर बच्च

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 09:10 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 09:10 PM (IST)
बंधक महिलाओं को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर पथराव, सीओ की गाड़ी के शीशे तोड़े
बंधक महिलाओं को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर पथराव, सीओ की गाड़ी के शीशे तोड़े

संवाद सहयोगी, लोनी : लोनी कोतवाली थाना क्षेत्र की अशोक विहार कालोनी में रविवार दोपहर बच्चा चोरी के आरोप में एक मकान में बंधक तीन महिलाओं को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। उपद्रवियों ने ईट -पत्थर बरसाते हुए सीओ लोनी की गाड़ी के शीशे तोड़ डाले। पथराव में कई कांस्टेबल भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे भारी पुलिसबल ने उपद्रवियों पर जमकर लाठियां भांजी। एक दर्जन से अधिक आरोपितों को हिरासत में ले लिया। हंगामे की आशंका को देखते हुए इलाके में भारी पुलिसबल की तैनाती की गई है। 80 आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दरअसल, अशोक विहार कालोनी निवासी आरिफ के नौ माह के बेटे का 14 अप्रैल की दोपहर करीब एक बजे एक महिला ने अपहरण कर लिया था। रविवार दोपहर करीब एक बजे तीन महिलाएं अशोक विहार कालोनी में भीख मांगने पहुंची। लोगों ने उनपर बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें एक मकान में बंधक बना लिया। उनके साथ मारपीट की। साथ ही उनसे बच्चा लाकर देने को कहा। कुछ स्थानीय लोगों ने महिलाओं को बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर महिलाओं को पुलिस के सुपुर्द करने को कहा। लोगों ने बच्चा न मिलने तक महिलाओं को न छोड़ने की बात कही और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने की जानकारी मिलने पर लोनी पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सोनकर लोनी बार्डर और ट्रानिका सिटी थाने की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर महिलाओं को बंधनमुक्त कराया। तीनों महिलाओं को लेकर पुलिस टीम चली ही थी कि लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी की गाड़ी का शीशा टूट गया। पथराव में सिपाही मूलचंद और प्रदीप चोटिल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

-- हिरासत में लिए उपद्रवी : पुलिस ने मामले में एक दर्जन उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। उधर कालोनी में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। एसपी देहात ईरज राजा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कुछ आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

--

पूर्व में हुए मामले 10 सितंबर 2020 : पचायरा गांव में हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव 12 अक्टूबर 2018 : आर्य नगर कालोनी में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला 19 अगस्त 2014 : नाईपुरा कालोनी में मासूम के साथ छेड़छाड़ के बाद पुलिस पर पथराव

chat bot
आपका साथी