बहन ने प्रेमी संग मिल की थी सगे भाई की हत्या, गिरफ्तार

संवाद सहयोगी लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की एक कालोनी में बहन ने ही अपने प्रेमी संग मिलकर सगे

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 08:21 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 08:21 PM (IST)
बहन ने प्रेमी संग मिल की थी सगे भाई की हत्या, गिरफ्तार
बहन ने प्रेमी संग मिल की थी सगे भाई की हत्या, गिरफ्तार

संवाद सहयोगी, लोनी : बार्डर थाना क्षेत्र की एक कालोनी में बहन ने ही अपने प्रेमी संग मिलकर सगे भाई को मौत के घाट उतारा था। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपितों ने किशोर के शव को फंदे से लटका दिया था। लेकिन पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए थे। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने हत्या करने की बात स्वीकार की है। दोनों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। विशेष बात यह है कि आरोपित युवती की आगामी दो मई को प्रेमी संग ही शादी होने वाली थी।

यहां बता दें कि बागपत निवासी मृतक के पिता बार्डर थाना क्षेत्र की एक कालोनी में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी, बेटी और एक 14 वर्षीय बेटा था। दो मई को बेटी की शादी तय थी। गत 14 अप्रैल को वह बेटी और बेटे को घर छोड़कर शादी का कार्ड बांटने गए थे। जब वह घर पहुंचे तो बेटे का शव फंदे पर लटका मिला। वहीं, उनकी बेटी घर से गायब थी। साथ ही घर का सामान अस्त- व्यस्त पड़ा हुआ था। मृतक के पिता ने बेटी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। बार्डर थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की गई थी। जांच में हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का तथ्य सामने आया। आरोपितों ने बताया कि किशोर ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस बात को लेकर इनके बीच बहस हुई और फिर मारपीट हुई। इसी बीच आरोपितों ने गला दबाकर किशोर की हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। लेकिन इनकी चालाकी काम नहीं आई।

chat bot
आपका साथी