रोडवेज के कर्मचारी नहीं लगा रहे मास्क, यात्रियों की सुरक्षा से हो रहा खिलवाड़

जागरण संवाददाता साहिबाबाद कौशांबी बस डिपो से बुधवार को भी प्रवासियों का अपने-अपने गांव

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 08:43 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 08:43 PM (IST)
रोडवेज के कर्मचारी नहीं लगा रहे मास्क, यात्रियों की सुरक्षा से हो रहा खिलवाड़
रोडवेज के कर्मचारी नहीं लगा रहे मास्क, यात्रियों की सुरक्षा से हो रहा खिलवाड़

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :

कौशांबी बस डिपो से बुधवार को भी प्रवासियों का अपने-अपने गांव जाना जारी रहा। डिपो पर यात्रियों की भीड़ है। लोगों ने तो मास्क लगा रखे थे, लेकिन डिपो पर चालक, परिचालक व अन्य स्टाफ बिना मास्क के दिखाई दिए। रोडवेज के कर्मचारियों की ओर से हजारों यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। डिपो पर लोगों की थर्मल स्क्रीनिग नहीं की जा रही है। शारीरिक दूरी का उल्लंघन भी हो रहा है।

दिल्ली में साप्ताहिक लाकडाउन के कारण काम बंद हो गया है। जिससे प्रवासी गांव लौट रहे हैं। कोई पैदल बस डिपो तक पहुंच रहा है तो कोई सवारी से। बुधवार सुबह करीब नौ बजे कौशांबी बस डिपो पर सैकड़ों लोगों की भीड़ दिखी। इस दौरान चालक, परिचालक व रोडवेज के अन्य कर्मचारी लापरवाही बरतते दिखे। चालक और परिचालकों ने मास्क तो लगा रखा था लेकिन मास्क नाक और मुंह के नीचे था। परिचालक यात्रियों के बेहद करीब जाकर बस में बैठने के लिए शोर मचाते दिखे। सवाल यह है कि रोडवेज अधिकारी ही अपने कर्मचारियों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क नहीं पहनवा पा रहे हैं तो यात्रियों की सुरक्षा कैसे पुख्ता करेंगे। चालकों- परिचालकों की लापरवाही से कोरोना का संक्रमण विभिन्न गांवों तक पहुंच सकता है।

नहीं हो रही थर्मल स्क्रीनिग: इतना ही नहीं, बीते वर्ष संक्रमण फैलने के दौरान यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिग भी की जा रही थी। लेकिन, इस बार नहीं की जा रही है। यात्रियों को मास्क पहनने या शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए अनाउंसमेंट के जरिये जागरूक तक नहीं किया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

-----

707 बसों का हुआ संचालन : रोडवेज के गाजियाबाद में क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह के मुताबिक बुधवार शाम पांच बजे तक कुल 707 बसों का संचालन किया गया। इसमें से 595 बसें कौशांबी, दिल्ली के आनंद विहार से 101 और कश्मीरी गेट से 11 बसें संचालित की गईं। एके सिंह का कहना है कि मास्क न पहनने वाले चालकों व परिचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी