रक्षाबंधन पर भी घरों में आया गंदा पानी

लगातार शिकायत करने के बाद भी लोगों को इस समस्या से निजात नहीं दिलाई जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 09:46 PM (IST) Updated:Mon, 03 Aug 2020 09:46 PM (IST)
रक्षाबंधन पर भी घरों में आया गंदा पानी
रक्षाबंधन पर भी घरों में आया गंदा पानी

जासं, साहिबाबाद : शालीमार गार्डन स्थित स्वामी विवेकानंद एंक्लेव में रक्षाबंधन और सावन के अंतिम सोमवार के मौके पर भी घरों में गंदा पानी आया। लगातार शिकायत करने के बाद भी लोगों को इस समस्या से निजात नहीं दिलाई जा रही है, जिस कारण चार सौ से अधिक परिवार को परेशानी हो रही है।

स्थानीय निवासी आशुतोष कुमार ने बताया कि करीब एक माह से यह समस्या है। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा इस समस्या को गंभीरता से लेकर इसका स्थायी समाधान नहीं करवाया जा रहा है। जिस कारण परेशानी हो रही है। रक्षाबंधन के मौके पर भी घरों में गंदा पानी आया। पानी इतना गंदा था कि पीना तो दूर उसका इस्तेमाल रोजमर्रा के काम के लिए भी नहीं किया जा सका। मामले की शिकायत नगर निगम के उच्चाधिकारियों से की गई है। आरोप लगाया गया है कि घरों में गंदा पानी आने की समस्या का स्थायी समाधान नहीं करवाया जा रहा है। पीने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ता है, रोजमर्रा के काम के लिए समर्सिबल के पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है।

जलकल के अवर अभियंता ओम प्रकाश ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कई जगह पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है। जल्द ही समस्या का स्थाई समाधान करवाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी