पक्का तालाब बदहाल, विशेषज्ञों की मदद से जीर्णोद्धार करेगा निगम

जासं गाजियाबाद दैनिक जागरण द्वारा शहर में तालाबों की बदहाली का मुद्दा उठाया गया। खासतौ

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 09:40 PM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 09:40 PM (IST)
पक्का तालाब बदहाल, विशेषज्ञों की मदद से जीर्णोद्धार करेगा निगम
पक्का तालाब बदहाल, विशेषज्ञों की मदद से जीर्णोद्धार करेगा निगम

जासं, गाजियाबाद : दैनिक जागरण द्वारा शहर में तालाबों की बदहाली का मुद्दा उठाया गया। खासतौर पर शहर के बीच में स्थित सबसे पुराने तालाबों में से एक बालूपुरा स्थित पक्का तालाब के जीर्णोद्धार की मांग प्रमुखता उठाई गई। जिस पर नगर निगम ने योजना बनाकर कार्य शुरू किया है। विशेषज्ञों की एक टीम को पक्का तालाब के निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। टीम को पक्का तालाब की बदहाली की वजह के बारे में जानकारी दी गई और दोबारा ऐसा न हो, इसके लिए योजना बनाने के लिए कहा गया है। जिससे कि पक्का तालाब दोबारा बदहाल न हो। पक्का तालाब का जीर्णोद्धार होगा तो आसपास की बालूपुरा, जटवाड़ा, डासना गेट, रमते राम रोड, मालीवाड़ा में भूजल स्तर में सुधार होगा, पानी की किल्लत की समस्या कम होगी।

पक्का तालाब से शहर के लोगों की यादें जुड़ी हैं। एक वक्त था, जब रामलीला के वक्त राम, लक्ष्मण और सीता के सरयू पार कर वन जाने का दृश्य इसी तालाब में दर्शाया जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होता है। क्योंकि तालाब कई साल से सूखा है। तालाब का जीर्णोद्धार कराने के लिए पूर्व में करोड़ों रुपये भी खर्च किए गए, जिसके कुछ दिन बाद तालाब का हाल फिर से बदहाल हो गया। उसके बाद इस तालाब की सुध नहीं ली जा रही है, जबकि स्थानीय लोग लंबे समय से तालाब के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में यह है हाल: वर्तमान में पक्का तालाब बाहर से एक कूड़ाघर की तरह नजर आता है। इसके गेट पर ही रोजाना कूड़ा डाला जाता है। जिस कारण बेसहारा पशुओं का यहां जमावड़ा लगा रहता है। राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंदर तालाब सूखा हुआ है, यहां पर बच्चे गिल्ली-डंडा, क्रिकेट खेलते हैं। शाम के वक्त इस तालाब को कुछ लोग मयखाना बना देते हैं। ये होती है समस्या: पक्का तालाब में पहले शहर की कई सोसायटियों और कालोनियों का गंदा पानी आता था, ऐसे में मानसून आने पर आसपास जलभराव की समस्या नहीं होती थी। लेकिन अब पक्का तालाब में आने वाले नालों और नालियों पर अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर दिया गया है। जिस कारण तालाब सूख गया।

बयान

पक्का तालाब का जीर्णोद्धार करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। दैनिक जागरण ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया है। मैंने भी नगर आयुक्त के सामने पक्का तालाब की बदहाली की समस्या रखी है। - राजेश शर्मा, नामित पार्षद बयान

पक्का तालाब का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। आसपास की सोसायटियों के नालों और नालियों का पानी शोधित कर तालाब में डाला जाएगा। इस योजना पर काम किया जा रहा है, इसमें विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

- महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त।

chat bot
आपका साथी