'प्लीज अंकल..! पेड़ मत काटो.. हम इन्हें पाल-पोस रहे हैं'

जागरण संवाददाता साहिबाबाद हम हर बार अपने जन्मदिन पर पार्क में पौधे रोपते हैं। उनको खाद-पानी देकर पाल-पोस रहे हैं। सुबह-शाम पार्क में जाकर उनकी देखभाल करते हैं। प्लीज अंकल! पेड़ों को मत काटो..! हम सबको ये आक्सीजन देते हैं। ये बातें वैशाली सेक्टर चार के बच्चों ने पेड़ काटने की तैयारी कर रहे उद्यान विभाग के कर्मचारियों से कहीं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 09:54 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 09:54 PM (IST)
'प्लीज अंकल..! पेड़ मत काटो.. हम इन्हें पाल-पोस रहे हैं'
'प्लीज अंकल..! पेड़ मत काटो.. हम इन्हें पाल-पोस रहे हैं'

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : हम हर बार अपने जन्मदिन पर पार्क में पौधे रोपते हैं। उनको खाद-पानी देकर पाल-पोस रहे हैं। सुबह-शाम पार्क में जाकर उनकी देखभाल करते हैं। प्लीज अंकल! पेड़ों को मत काटो..! हम सबको ये आक्सीजन देते हैं। ये बातें वैशाली सेक्टर चार के बच्चों ने पेड़ काटने की तैयारी कर रहे उद्यान विभाग के कर्मचारियों से कहीं। दरअसल, एक निजी कार्यक्रम के आयोजन के लिए नगर निगम 150 से अधिक पेड़ काटने की तैयारी में है। इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए हैं। उन्होंने बच्चों के साथ आंदोलन करने का एलान किया है।

बता दें कि दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण बड़ी समस्या है। वायु प्रदूषण से लोगों को विभिन्न रोगों के होने का खतरा है। ऐसे में लोग पौधे रोपित करने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। वैशाली सेक्टर चार स्थित पाम कोर्ट पार्क का क्षेत्रफल चार एकड़ है। स्थानीय निवासियों ने पार्क हो हरा-भरा बनाने में अहम भूमिका निभाई है। बरसों से लोग यहां नगर निगम के सहयोग से नीम, पीपल, बरगद व कदम के पौधे रोपित कर रहे हैं। स्थानीय निवासी अरविद पांडेय ने बताया कि पार्क पर एक निजी कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति दी गई है। उद्यान विभाग के सुपरवाइजर ने पार्क में आकर पेड़ों को काटने के लिए उन्हें चिह्नित किया है। पेड़ काटे गए तो होगा आंदोलन : स्थानीय निवासी सीएम त्रिपाठी, आरडब्ल्यूए सचिव पंकज चौधरी व सतीश श्रीवास्तव आदि ने कहा कि पेड़ों को हम और हमारे बच्चे पाल-पोस रहे हैं। यदि पेड़ काटे गए तो बड़े स्तर पर आंदोलन होगा। एक निजी कार्यक्रम के लिए इतनी संख्या में पेड़ों को नहीं काटा जा सकता है। नगर निगम को यह निर्णय वापस लेना होगा।

वर्जन..

हमने पार्क में अपने जन्मदिन पर पौधे रोपे थे। हम किसी कीमत पर पेड़ों को कटने नहीं देंगे। यदि पेड़ों को काटा गया तो हम मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।

- अराना जायसवाल, स्थानीय निवासी।

-----

पेड़ से हमें आक्सीजन मिलता है। मैंने अपने जन्मदिन पर गजरोला से लाकर यहां पर पौधा रोपा था। हम पेड़-पौधों की रक्षा करते हैं।

- एंजेल, स्थानीय निवासी।

यदि कोई पेड़-पौधा टूटता है, तो कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि हम पौधों को शिफ्ट कर सकते हैं। अनुमति देने का काम प्रशासन का है।

-डा.अनुज कुमार, उद्यान प्रभारी।

chat bot
आपका साथी