डिपो पहुंचे लोग बोले जब तक लाकडाउन है तब तक गेहूं काट आते हैं

जागरण संवाददाता साहिबाबाद दिल्ली में लाकडाउन के चलते काम बंद हैं। ऐसे में कामगार अपने

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 07:34 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 07:34 PM (IST)
डिपो पहुंचे लोग बोले जब तक लाकडाउन है तब तक गेहूं काट आते हैं
डिपो पहुंचे लोग बोले जब तक लाकडाउन है तब तक गेहूं काट आते हैं

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :

दिल्ली में लाकडाउन के चलते काम बंद हैं। ऐसे में कामगार अपने अपने गांव को जा रहे हैं। तीन दिन में एक लाख से अधिक लोग अपने गांव जा चुके हैं। बृहस्पतिवार को गांव जाने के लिए कौशांबी डिपो पर पहुंचे प्रवासियों ने कहा कि जब तक लाकडाउन है और काम बंद है तब तक गेहूं काट आते हैं। कुछ लोगों ने कहा कि गेहूं काटने से साथ पंचायत चुनाव में वोट भी डालेंगे।

लाकडाउन में फैक्ट्रियां बंद हैं। ऐसे में कामगार घर वापसी करने लगे हैं। गत सोमवार रात 10 बजे से दिल्ली में लाकडाउन है। सोमवार को कौशांबी बस डिपो से बड़ी संख्या में लोग अपने अपने घर चले गए। इसके बाद से घर जाने वालों की संख्या लगातार कम हो रही है। कौशांबी डिपो पर घर जाने के लिए पहुंचे राहुल सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में काम बंद हो गया है। जब तक काम नहीं शुरू होता तब तक मिर्जापुर स्थित अपने गांव जाकर गेहूं की कटाई कराएंगे। इसके साथ ही पंचायत चुनाव में 26 अप्रैल को मतदान करेंगे। लाकडाउन खत्म होते ही दोबारा लौट आएंगे।

यूपी रोडवेज के गाजियाबाद में क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर तीन बजे तक कुल 550 बसों का संचालन किया गया। इसमें सबसे ज्यादा 439 बसें कौशांबी से संचालित की गई। दिल्ली के आनंद विहार से 89 और कश्मीरी गेट से 72 बसों का संचालन हुआ। सोमवार से बृहस्पतिवार तक एक लाख से अधिक लोग यूपी रोडवेज की बसों से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों को गए।

---------

बोले लोग, लौटने के लिए जा रहे : फैक्ट्री में काम बंद हो गया है। गांव में परिवार के लोग गेहूं काटने के साथ अन्य काम में लगे हैं। जब तक काम बंद है तब तक के लिए गेहूं काटने व अन्य काम कराने के लिए गांव जा रहा हूं। - ललित गौतम, निवासी सिद्धार्थ नगर लाकडाउन खत्म होते ही दोबारा फैक्ट्री में काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद लौट आएंगे। तब तक घर जाकर खेती के काम में हाथ बंटाएंगे, जिससे घरवालों को भी मदद मिल जाएगी। - राम अवतार मौर्या, निवासी शाहजहांपुर

chat bot
आपका साथी