महिलाओं के नजीर बनीं पीसीएस अधिकारी डॉ. सुधा तोमर

विकास वर्मा मोदीनगर यूपीपीएससी परीक्षा पास कर पीसीएस अधिकारी बनने वाले डॉ. सुधा तोमर उ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 09:19 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 09:19 PM (IST)
महिलाओं के नजीर बनीं पीसीएस अधिकारी डॉ. सुधा तोमर
महिलाओं के नजीर बनीं पीसीएस अधिकारी डॉ. सुधा तोमर

विकास वर्मा, मोदीनगर :

यूपीपीएससी परीक्षा पास कर पीसीएस अधिकारी बनने वाले डॉ. सुधा तोमर उन महिलाओं के लिए नजीर बन गई हैं, जो सोचती हैं कि शादी के बाद पढ़ाई नहीं होगी और जीवन भर घर की चारदीवारी में ही रहना होगा। डॉ. सुधा जब 12वीं कक्षा में थीं तभी उनकी शादी हो गई थी। लेकिन, शादी के बाद उन्होंने स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और नेट की परीक्षा पास की। लगन व दृढ़ संकल्प से अब वह पीसीएस अधिकारी बन गर्ई हैं।

मूलरूप से बागपत के बड़ौत की रहने वाली डॉ. सुधा तोमर की शादी 25 साल पहले मोदीनगर में सुभाष चौधरी के साथ हुई थी। सुभाष एक एमएनसी में अधिकारी हैं, जो इन दिनों दिल्ली में कार्यरत हैं। डॉ. सुधा यहां आदर्शनगर कालोनी में रहती हैं। डॉ. सुधा तोमर का सपना बचपन से ही सिविल सेवाओं में जाने का था, लेकिन शादी होते ही लगा कि सपना अधूरा ही रह जाएगा। लेकिन, उन्होंने आस नहीं छोड़ी। सपना पूरा कराने के लिए पति व ससुराल के लोगों ने सहयोग किया। शादी के बाद ससुराल में रहते हुए ही उन्होंने बीए,एमए के अलावा पीएचडी पूरी की। साथ ही नेट की परीक्षा भी पास की। इसके बाद उनकी नौकरी गिन्नी देवी मोदी डिग्री कालेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में हुई। लेकिन, सिविल सेवाओं में जाने का सपना अभी अधूरा था। पिछले छह साल से लगातार परीक्षा दे रही थी। कभी मेंस में तो कभी साक्षात्कार में वे असफल हो जाती थीं। लेकिन, इस बार उन्होंने परीक्षा पास कर ली। अब वे श्रम प्रवर्तन अधिकारी बन गई हैं। डॉ. सुधा ने बताया कि उनकी सफलता में ससुराल के लोगों का बड़ा योगदान रहा है। घर के काम के साथ ही वे पढ़ाई के लिए समय निकालती थीं।

उनका कहना है कि प्रत्येक महिला को मेहनत करने रहना चाहिए। केवल घर के कामकाज में ही व्यस्त न रहकर अपना सपना पूरा करने की दिशा में भी काम करना चाहिए।

---------

रालोद नेताओं ने बढ़ाया महिला का हौसला - सूचना मिलने पर शुक्रवार को रालोद नेताओं ने डॉ. सुधा तोमर का हौसला बढ़ाया। नेताओं ने उन्हें बुके भेंट किया। इस दौरान अरुण दहिया ने कहा कि मेहनत से किया गया प्रयास सफल होता है। डॉ. सुधा तोमर महिलाओं के लिए नजीर हैं। इस मौके पर रामभरोले लाल मौर्य, सतेंद्र तोमर समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी