कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच यूपी गेट पर हुई पंचायत

जागरण संवाददाता साहिबाबाद कृषि कानून विरोधी प्रदर्शन के एक साल पूरा होने पर शुक्रवार

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 07:13 PM (IST) Updated:Fri, 26 Nov 2021 07:13 PM (IST)
कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच यूपी गेट पर हुई पंचायत
कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच यूपी गेट पर हुई पंचायत

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : कृषि कानून विरोधी प्रदर्शन के एक साल पूरा होने पर शुक्रवार को यूपी गेट पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच प्रदर्शनकारियों ने पंचायत की। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित अन्य नेताओं ने पंचायत को संबोधित किया। संयुक्त किसान मोर्चा की शनिवार को सिघु बार्डर पर होने वाली बैठक में प्रदर्शन के अगले चरण की रणनीति तय की जाएगी। उसी के हिसाब से यहां भी प्रदर्शन होगा। बढ़ी भीड़ : शुक्रवार सुबह आठ बजे से यूपी गेट पर प्रदर्शनकारियों के आने का सिलसिला शुरू हुआ। दोपहर एक बजते-बजते यहां करीब तीन हजार प्रदर्शनकारी जुट गए। उसके बाद पंचायत हुई। मंच पर राकेश टिकैत, स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव, सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर, जगतार सिंह बाजवा सहित अन्य नेता पहुंचे। राकेश टिकैत ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून बनने व अन्य मांगों के बाद ही आंदोलन खत्म किया जाएगा। शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा की सिघु बार्डर पर अहम बैठक होगी। उसके फैसले के अनुसार अगला कदम उठाया जाएगा। फिलहाल 29 नवंबर को यहां से 30 ट्रैक्टरों से पांच सौ किसान संसद भवन, दिल्ली जाने के लिए तैयार हैं। योगेंद्र यादव ने कहा कि आज जीत का जश्न मनाने का दिन है और आगे जज्बा दिखाने का दिन है। मेधा पाटकर ने कहा कि एक साल की तपस्या ने बड़ी जीत दिलाई है। यह पहली जीत है। आगे और लड़ाई है।

-------

बढ़ीं गतिविधियां : यूपी गेट पर शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दीं। यहां पर हल लिए किसान की पेंटिग बनाई गई। ऊंट और घोड़े पर कुछ प्रदर्शनकारी पहुंचे। तमिलनाडु से भी प्रदर्शनकारियों का एक दल पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में वामपंथी दिखे। हाथों में लाल झंडे लिए वामपंथियों ने नुक्कड़ नाटक करके सरकार को घेरा। इस दौरान अन्य प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की।

--------

डटे रहे अधिकारी : सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र को सात जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। मंच के पास पीएसी के जवान तैनात किए गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी डटे रहे। सुरक्षा के लिए डाबर तिराहा और वैशाली सेक्टर-एक कट पर पुलिस तैनात रही। खुफिया विभाग सक्रिय रहा।

chat bot
आपका साथी