यूपी गेट पर किसानों की संख्या बढ़ी, जिलों से बुलाई गई पुलिस

जागरण संवाददाता साहिबाबाद गणतंत्र दिवस पर होने वाले ट्रैक्टर मार्च में शामिल होने के लिए ि

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 08:49 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 08:49 PM (IST)
यूपी गेट पर किसानों की संख्या बढ़ी, जिलों से बुलाई गई पुलिस
यूपी गेट पर किसानों की संख्या बढ़ी, जिलों से बुलाई गई पुलिस

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद: गणतंत्र दिवस पर होने वाले ट्रैक्टर मार्च में शामिल होने के लिए किसानों का जत्था यूपी गेट पहुंचने लगा है। शनिवार को यहां करीब तीन सौ ट्रैक्टरों से किसान पहुंचे हैं। किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां मेरठ जोन के अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुला लिया गया है। 26 जनवरी तक अर्धसैनिक बलों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

भारतीय किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी धर्मेद्र मलिक ने बताया कि शुक्रवार रात में बिजनौर के किसान दिगंबर सिंह की अगुवाई में ट्रैक्टरों के साथ यहां पहुंचे हैं। किसानों ने लठ यानी लाठी की जगह गन्ने पर संगठन और देश के झंडों को लगाया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने रास्ते में कई जगहों पर किसानों के ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान रुके नहीं।

बम निरोधक दस्ता पहुंचा: बम निरोधक दस्ता शनिवार को यूपी गेट पहुंचा। दस्ता के सदस्यों ने किसानों के वाहनों की जांच की। टेंटों की जांच की। आंदोलन स्थल पर घूमते मिले लोगों के बैग आदि की जांच की। कहीं से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

किसान नेताओं से अधिकारियों ने की वार्ता: अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन राजीव सभरवाल, पुलिस महानिरीक्षक मेरठ रेंज प्रवीण कुमार ने भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से बातचीत की। उनसे ट्रैक्टर परेड व अन्य सुरक्षा संबंधी बिदुओं पर भी बातचीत की। प्रवीण कुमार का कहना है कि कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था है। किसान नेताओं से बातचीत की जा रही है।

बढ़ाई गई पुलिस: यूपी गेट पर किसानों की संख्या बढ़ी है। इसके मद्देनजर यहां पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। मेरठ जोन के अन्य जिलों से पुलिस बुलाई गई है। क्षेत्र को सात जोन और 13 सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की राउंड द क्लाक ड्यूटी लगाई गई है। अर्धसैनिक बल व पीएसी तैनात है।

अन्य सीमाओं पर भी बढ़ी चौकसी: शनिवार को महाराजपुर सीमा पर पीएसी तैनात रही। भोपुरा, ज्ञानी बार्डर व लोनी की सीमाओं पर भी पुलिस की नजर रही। वहीं, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने दिल्ली के अधिकारियों से भी वार्ता की।

10 हजार किसानों की हुई संख्या: खुफिया विभाग के सूत्रों ने बताया कि यूपी गेट पर शनिवार को करीब 10 हजार किसान रहे। दो-तीन पहले तक यहां छह से सात हजार किसान थे। किसानों की संख्या 25 जनवरी तक और बढ़ने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी