हिंदू बताकर बदायूं के मुस्लिम युवक से करा दी शादी, पढ़िए कैसे हुआ विश्वासघात

बदायूं के मुस्लिम युवक को हिंदू बताकर लोनी की युवती से शादी कराने वाला मुख्य आरोपित पीड़िता की बड़ी बहन के साथ पूर्व में नोएडा की एक कंपनी में काम कर चुका है। पुरानी जान पहचान का बेजा फायदा उठाते हुए उसने विश्वासघात किया है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 12:50 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 12:50 PM (IST)
हिंदू बताकर बदायूं के मुस्लिम युवक से करा दी शादी, पढ़िए कैसे हुआ विश्वासघात
साजिशकर्ता पीड़िता की बहन के साथ करता था काम।

साहिबाबाद (गाजियाबाद) अवनीश मिश्र। बदायूं के मुस्लिम युवक को हिंदू बताकर लोनी की युवती से शादी कराने वाला मुख्य आरोपित पीड़िता की बड़ी बहन के साथ पूर्व में नोएडा की एक कंपनी में काम कर चुका है। पुरानी जान पहचान का बेजा फायदा उठाते हुए उसने विश्वासघात किया है। मामले से पर्दा उठने के बाद से वह फरार है।

मां-बाप का उठ चुका है साया

बताया गया कि पीड़िता पूर्व में साहिबाबाद थाना क्षेत्र में मां-बाप और बड़ी बहन के साथ रहती थी। करीब 15 साल पहले पिता और ढाई साल पहले मां की मौत हो चुकी है। उसके बाद से वह अपनी शादीशुदा बड़ी बहन के साथ लोनी क्षेत्र में रहने लगी। उसकी बड़ी बहन करीब दो साल पहले तक नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करती थी। बड़ी बहन ने बताया कि नौकरी के दौरान बदायूं के उझानी क्षेत्र के एक अधेड़ उम्र के सहकर्मी से परिचय हुआ था।

बातचीत में उसे उनकी पारिवारिक व आर्थिक स्थिति की पूरी जानकारी हो गई थी। उसने इसका बेजा फायदा उठाया। सितंबर में अपने पड़ोस के गांव के मुस्लिम युवक को हिंदू बताते हुए छोटी बहन की शादी कराने का प्रस्ताव रखा। उसके बहकावे में आकर वह चार अक्टूबर को उस युवक के घर गईं। उसके खेतीबाड़ी की जानकारी की। वहां पर बातचीत हुई। बिना लेनदेन के शादी होने की बात तय हो गई।

बिना समारोह के हुई शादी

पीड़िता, उसकी बड़ी बहन, बहनोई और दो अन्य रिश्तेदार आठ अक्टूबर को बदायूं पहुंचे। वहां युवक के घर पर ही बिना किसी समारोह के हिंदू रीति-रिवाज (फेरे व जयमाल) से शादी हुई। उसके बाद पीड़िता को ससुराल छोड़कर सभी राजी खुशी घर आ गए। छोटी बहन का घर बस जाने से सभी काफी खुश हो गए।

गम में तब्दील हुई खुशी

पीड़िता ने सोमवार को बड़ी बहन को काल करके बताया कि उनके साथ धोखा हुआ है। जिस युवक से उसकी शादी हुई है वह मुस्लिम है। उसके साथ अत्याचार हो रहा है। पति के दो भाई भी उसके साथ दुष्कर्म करते हैं। यह जानकर उसकी बड़ी बहन पर मानों दुखों का पहाड़ टूट गया। वह आनन-फानन बदायूं पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने उन्हें उसकी बहन को सुपुर्द किया।

80 हजार लेने की बात आ रही सामने

पीड़िता की बहन ने बताया कि आरोपित युवक के पक्ष शादी कराने वाले (पूर्व के सहकर्मी) ने 80 हजार रुपये लिए थे। वह फरार है। इसमें अन्य लोगों की मिलीभगत की भी संभावना है। मुख्य आरोपित के पकड़े जाने पर पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

chat bot
आपका साथी