पढ़िए नेताओं की आवाज निकालकर ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल करने वाले दो आरोपियों की कहानी, कैसे बनाते थे दबाव

कविनगर पुलिस ने नेताओं की आवाज निकाल कर अधिकारियों पर ट्रांसफर-पोंस्टिग समेत अन्य काम कराने के लिए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपित पूर्व में भी इसी मामले में जेल जा चुका है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि पकड़े गए आरोपित हर्ष और विक्रांत हैं।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 06 Jul 2021 02:54 PM (IST) Updated:Tue, 06 Jul 2021 02:54 PM (IST)
पढ़िए नेताओं की आवाज निकालकर ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल करने वाले दो आरोपियों की कहानी, कैसे बनाते थे दबाव
केंद्रीय राज्यमंत्री की आवाज में सिंचाई विभाग के सीएमडी को कर रहे थे फोन।

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। कविनगर पुलिस ने नेताओं की आवाज निकाल कर अधिकारियों पर ट्रांसफर- पोस्टिंग समेत अन्य काम कराने का दबाव बनाने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपित पूर्व में भी इसी मामले में जेल जा चुका है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि पकड़े गए आरोपित छपरौली बागपत निवासी हर्ष और विक्रांत हैं। दोनों आरोपित 12वीं पास हैं।

आरोपित फर्जी आइडी पर खरीदे गए सिम कार्ड से नेताओं की आवाज में अधिकारियों को कॉल करते थे और उनपर अवैध कार्य के लिए दबाव बनाते थे। हर्ष आवाज बदलकर बोलने में माहिर है। वह पहले नेता का पीए बनकर अधिकारी को कॉल करता था और बाद में नेता बनकर बात करता था। वह अधिकारी पर अवैध काम के लिए दबाव बनाने लगता था। ऐसे ही एक मामले में हर्ष ने केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह की आवाज में सिंचाई विभाग के सीएमडी को फोन कर एक अधिशासी अभियंता के गाजियाबाद ट्रांसफर के लिए दबाव बनाया था।

हर्ष ने कहा कि अधिशासी अभियंता का मऊ ट्रांसफर हो गया है। उनकी पत्नी कैंसर से पीडि़त हैं, इसके चलते उनका ट्रांसफर गाजियाबाद कर दें। इस दौरान सीएमडी को शक हुआ तो उन्होंने जनरल वीके सिंह के कार्यालय में संपर्क किया। इसके बाद वीके सिंह के कार्यालय प्रतिनिधि कुलदीप चौहान की शिकायत पर कविनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। हर्ष नेता बनकर अधिकारियों को कॉल करता था और विक्रांत कॉल करने के लिए फर्जी आइडी पर सिम की व्यस्था करता था। जांच में पता चला है कि हर्ष पूर्व में मुजफ्फरनगर से केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान की आवाज निकालकर अधिकारियों पर दबाव बनाने में जेल जा चुका है।

chat bot
आपका साथी